आईपीएल 2026 के बीच सीएसके की टीम में फेरबदल, घायल रामकृष्ण की जगह मैकनील जुड़े
लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के बीच 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने टीम में फेरबदल किया है। चोटिल रामकृष्ण घोष के स्थान पर कर्नाटक के बैटिंग ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को जोड़ा गया है। रामकृष्ण 3 मई को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुए थे। दाहिने पैर में चोट लगने के कारण उन्हें आईपीएल 2026 के शेष मुकाबलों से बाहर होना पड़ा है।
आईपीएल ने बुधवार को एक बयान में कहा, "रामकृष्ण घोष की जगह मैकनील नोरोन्हा 30 लाख रुपए में सीएसके की टीम में शामिल होंगे।" हाल ही में 'नमन अवॉर्ड्स' में एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित 24 वर्षीय नोरोन्हा घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए हैं। मैकनील ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी 2024/25 में सर्वाधिक रन बनाए थे।
मैकनील नोरोन्हा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 2025/26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए कर्नाटक की टीम में जगह मिली। इस टूर्नामेंट में उन्होंने तीन मुकाबलों में 58 रन बनाने के साथ एक विकेट भी अपने नाम किया था। पिछले साल महाराजा ट्रॉफी में नोरोन्हा ने खिताब जीतने वाली टीम 'मंगलुरु ड्रैगन्स' के लिए 148.82 के स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए थे।
13 मुकाबलों में 19 छक्के लगाने के अलावा, नोरोन्हा ने गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से 7.44 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए। हुबली टाइगर्स के खिलाफ फाइनल मैच में 25 रन देकर 2 विकेट भी निकाले।
दूसरी ओर, रामकृष्ण घोष के लिए आईपीएल डेब्यू दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। इस महीने की शुरुआत में चेपॉक स्टेडियम में खेलते समय उन्हें ऐसी चोट लगी, जिसकी वजह से पूरे सीजन के लिए टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
घोष की चोट ने आईपीएल 2026 में सीएसके की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इससे पहले भी टीम के दो खिलाड़ी, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद और दाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। सीजन शुरू होने से पहले ही नाथन एलिस चोट के कारण बाहर हो गए थे, जबकि उनकी जगह टीम में शामिल हुए स्पेंसर जॉनसन भी हाल ही में चोट से उबरकर मैदान पर लौटे हैं। इसके अलावा, सीजन की शुरुआत से ही स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन 11 में से 6 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। 12 प्वाइंट्स के साथ सीएसके फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। शुक्रवार शाम को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत के साथ सीएसके अपनी प्लेऑफ की संभावनाओं को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी

