आईपीएल 2026: जीटी ने आरसीबी के खिलाफ टॉस जीत चुनी गेंदबाजी, फाइनल में जगह बनाना दोनों टीमों का लक्ष्य
धर्मशाला, 26 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला क्वालीफायर मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जा रहा है। जीटी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह अच्छा विकेट लग रहा है। इस ग्राउंड में, दूसरी पारी में थोड़ी ओस होती है, इसलिए बोर्ड पर टोटल होना और फिर उसे चेज करने की कोशिश करना हमेशा अच्छा होता है। मुझे लगता है, यह मैच गेम से इक्वेशन हटाने के बारे में है। हम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और उम्मीद है कि हम ऐसा करना जारी रखेंगे। मैंने यहां अंडर 14 और अंडर 16 दिनों में बहुत खेला है। यह दुनिया के सबसे सुंदर मैदानों में से एक है। हमने एक बदलाव किया है। अरशद खान की जगह कुलवंत आए हैं।"
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस के समय कहा, "विकेट काफी अच्छा लग रहा है। यह काफी हार्ड है। गेंद बल्ले पर अच्छे से आएगी। मुझे लगता है कि यह 40 ओवर में नहीं बदलेगा। यहां बल्लेबाजी करना अच्छा होगा। हम बोर्ड पर अच्छा टोटल लगाने और उन्हें दबाव में रखने की कोशिश करेंगे। सीधे फाइनल में जाने के लिए एक अच्छा गेम है, लेकिन हम एक बार में एक गेम पर ध्यान दे रहे हैं। हम इस गेम में अपना बेस्ट देंगे। हमने अच्छा क्रिकेट खेला है। विपक्षी टीम पर ज्यादा फोकस करने के बजाय अपनी ताकत पर हम फोकस कर रहे हैं।"
आरसीबी लीग चरण के 14 मैचों में 9 जीत के साथ 18 अंक लेकर अंकतालिका में पहले स्थान पर है। गुजरात टाइटंस के भी 14 मैचों में 9 जीत के साथ 18 अंक हैं, लेकिन आरसीबी से कमजोर रन रेट की वजह से जीटी दूसरे स्थान पर है।
लीग चरण के 2 मैचों में दोनों ही टीमें 1-1 बार विजयी रही थीं। पहले मैच में आरसीबी 5 विकेट से जीती थी, जबकि दूसरे मैच में जीटी ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।
इस मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, वो सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना लेगी।
आरसीबी प्लेइंग इलेवन: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम दार।
जीटी प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
--आईएएनएस
पीएके

