आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, पंजाब किंग्स के खिलाफ 5 बदलाव
धर्मशाला, 11 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी आईपीएल 2026 के 55वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। पीबीकेएस की निगाहें इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचने पर हैं। इस मुकाबले में डीसी पांच बदलावों के साथ उतरी है।
टॉस जीतकर डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, हम गेंदबाजी करेंगे। यही बात सही हो रही है (टॉस जीतना), मैचों में, हमने उन जरूरी मौकों पर जीत हासिल नहीं की है, वर्ना हम इतना बुरा नहीं खेले हैं। हम अपनी तरह का क्रिकेट खेलेंगे और नतीजे की चिंता नहीं करेंगे। जीतें या हारें, हम अच्छी तरह से खेलने की कोशिश करेंगे। यह एक फ्रेश विकेट है, नई बॉल से थोड़ा काम चल सकता है और हम उन्हें पहले बैटिंग करने देना चाहते हैं। हमने 5 बदलाव किए हैं। पोरेल, साहिल परख, डेविड मिलर, माधव तिवारी और आकिब नबी टीम में हैं।"
दूसरी तरफ, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "जब तक आप पिच पर नहीं खेलते, तब तक आप उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते। मैदान पर जाओ और अच्छा करो। हम प्वाइंट्स टेबल के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहते, बस अपनी काबिलियत और अपनी समझ पर ध्यान देना चाहिए, यही हमने पिछले कुछ मुकाबलों में अच्छा नहीं किया है। हमने अपनी समझ पर भरोसा नहीं किया और दबाव में अच्छा नहीं किया। उतार-चढ़ाव तो आते ही रहेंगे, यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी जल्दी उससे आगे बढ़ते हैं। लॉकी फर्ग्यूसन की जगह बेन ड्वारशियस आए हैं, जिन्हें थोड़ी चोट लगी है।"
पंजाब किंग्स 10 में से 6 मैच जीतकर चौथे स्थान पर मौजूद है। शुरुआती 7 में से एक भी मैच न गंवाने के बाद पीबीकेएस को लगातार 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पंजाब किंग्स एक बार फिर अपनी लय वापस पाना चाहेगी। दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स ने 11 में से 7 मुकाबले गंवा दिए हैं। डीसी अगर अगले तीनों मैच जीत लेती है, तो भी उसके लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन होगी।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, मुकेश कुमार, औकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी।
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जानसन, बेन द्वारशुइस, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
--आईएएनएस
आरएसजी

