Samachar Nama
×

आईपीएल 2026: सीएसके की खराब शुरुआत के बाद चला कप्तान का बल्ला, जीटी को दिया 159 रन का लक्ष्य

चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध 159 रन का टारगेट रखा है। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी, जिसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 74 रन की नाबाद पारी खेलते हुए सीएसके को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर सीएसके को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में संजू सैमसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ संभली हुई शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की।

संजू 15 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 2 चौके शामिल रहे। इसके बाद टीम बिखरती नजर आई। मेजबान टीम ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर उर्विल पटेल का विकेट भी गंवा दिया, जो इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे थे। उर्विल 3 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 4 ही रन बना सके, जो उन्हें बाउंड्री के साथ हासिल हुए थे।

चेन्नई सुपर किंग्स ने 4.4 ओवर में सरफराज खान के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया, जो अपनी पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर देवाल्ड ब्रेविस (2) भी चलते बने।

चेन्नई सुपर किंग्स ने 37 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से शिवम दुबे ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

यहां से गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कार्तिक ने 9 गेंदों में 15 रन की पारी खेली। इसके बाद गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेलकर टीम को 158/7 के स्कोर तक पहुंचाया। गायकवाड़ 60 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि अरशद खान को 2 विकेट हाथ लगे। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल 7 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। वहीं, गुजरात टाइटंस 7 में से 4 मुकाबले गंवाकर सातवें स्थान पर है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags