Samachar Nama
×

आईपीए भर्ती 2026: सीनियर कंसल्टेंट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

आईपीए भर्ती 2026: सीनियर कंसल्टेंट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
आईपीए भर्ती 2026: सीनियर कंसल्टेंट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय बंदरगाह संघ (इंडियन पोर्ट्स एसोसिएशन) ने पूरी तरह से अनुबंध के आधार पर सीनियर कंसल्टेंट सहित विभिन्न कई पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है।

आईपीए की ओर से जारी रिक्तियों में सीनियर कंसल्टेंट के 2 और कंसल्टेंट के 3 पद शामिल हैं। इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी प्रतिष्ठित भारतीय या अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र, पब्लिक पॉलिसी, मैरीटाइम, व्यापार, ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, अंतरराष्ट्रीय संबंध या संबंधित विषयों में फुल-टाइम मास्टर डिग्री या उससे उच्च डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट की सैलरी सीनियर कंसल्टेंट के लिए 15 लाख रुपए सालाना और कंसल्टेंट के लिए 12 लाख रुपए सालाना होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय बंदरगाह संघ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां से संबंधित पदों के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'कार्यकारी निदेशक, इंडियन पोर्ट्स एसोसिएशन, पहली मंजिल, साउथ टावर, एनबीसीसी प्लेस, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, नई दिल्ली, दिल्ली 110003' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आईपीए की ओर से यह नियुक्ति शुरू में 2 वर्ष के लिए पूरी तरह से अनुबंध आधारित पूर्ण कालिक होगी, जिसे उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस, आपसी सहमति और जरूरत के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story