इंटर मियामी ने एफसी सिनसिनाटी को 5-3 से हराया, मेसी ने किए दो गोल
सिनसिनाटी, 14 मई (आईएएनएस)। कप्तान लियोनेल मेसी के दो गोल और माटेओ सिल्वेटी और जर्मन बर्टेराम के गोल की मदद से इंटर मियामी सीएफ ने टीक्यूल स्टेडियम में एफसी सिनसिनाटी के खिलाफ 5-3 की रोमांचक वापसी करते हुए तीन और कीमती पॉइंट हासिल किए।
इस जीत के साथ इंटर मियामी ने एमएलएस रेगुलर सीजन के शुरुआती 9 मुकाबलों में सबसे ज्यादा पॉइंट (22) के साथ एफसी सिनसिनाटी (2024) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मियामी ने मैच के 24वें मिनट में बढ़त बनाई, जब मेसी ने डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए बॉक्स के अंदर से गोल किया और इस रेगुलर सीजन में अपने गोलों की संख्या 10 कर ली।
केविन डेन्की ने 44वें मिनट में हाफ टाइम से ठीक पहले मेजबान टीम के लिए पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत पावेल बुचा ने 49वें मिनट में सिनसिनाटी को बढ़त दिलाने के साथ की। हालांकि, 55वें मिनट में मेसी ने स्कोर बराबर कर दिया। मेसी ने डी पॉल के पास को गोल पोस्ट में पहुंचाया। यह गोल इस रेगुलर सीजन में मेसी का 11वां गोल था, जबकि इस लीग में यह डी पॉल का छठा असिस्ट रहा।
एवांडर ने 64वें मिनट में गोल करके सिनसिनाटी को फिर बढ़त दिलाई। इसके बाद मियामी की अटैकिंग यूनिट ने बचे मिनटों में जबरदस्त खेल दिखाया और मैच का रुख पलट दिया। दूसरे हाफ में सब्स्टीट्यूट माटेओ सिल्वेटी ने 79वें मिनट में मैच को 3-3 से बराबर कर दिया। इस गोल से सिल्वेटी के इस लीग कैंपेन में तीन गोल हो गए जबकि यह मेसी का पांचवां असिस्ट गोल रहा।
84वें मिनट में बर्टेराम ने इंटर मियामी की बढ़त को 4-0 कर दिया। फ्री किक के बाद बॉक्स में लूज बॉल का फायदा उठाकर बर्टेराम ने इस सीजन का अपना चौथा गोल किया। मैच के 89वें मिनट में सिनसिनाटी के गोलकीपर रोमन कैलेटानो गेंद को पकड़ने के प्रयास में अपना ही गोल कर बैठे। इस गोल के साथ ही इंटर मियामी की 5-3 से जीत सुनिश्चित हो गई।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

