Samachar Nama
×

इंदौर में आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक की शुरुआत, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया शुभारंभ

इंदौर में आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक की शुरुआत, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया शुभारंभ
इंदौर में आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक की शुरुआत, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया शुभारंभ

इंदौर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय बैठक की शुरुआत हो गई है। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की ओर से किया गया। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और देशभर से आए प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। बैठक में संघ के आगामी कार्यों, संगठन की गतिविधियों और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक को लेकर संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने जानकारी दी है।

नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत अलग-अलग विषयों और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपना मार्गदर्शन देंगे। बैठक के दौरान संगठन के कार्यों की समीक्षा के साथ ही आने वाले समय में संघ की गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें देशभर में चल रहे संघ के कार्यों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।"

पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेंद्र कुमार ने कहा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक सोमवार को इंदौर में प्रारंभ हुई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया। यह संघ की नियमित होने वाली वार्षिक बैठक है। इस बैठक में देशभर से लगभग 400 प्रतिनिधियों की मौजूदगी है। यह बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी।"

नरेंद्र कुमार ने कहा, "इस बैठक में संघ शताब्दी वर्ष के निमित्त, वर्ष में आयोजित किए गए सभी कार्यों की समीक्षा, आगे के लिए क्रियान्वयन और समाज तक उन विषयों को कैसे लेकर जाना है। खासकर पंच परिवर्तन के विषय, क्रियान्वयन, अनुवर्तन कैसे किया जाए, इसकी चर्चा की जाएगी। विजयादशमी के अवसर पर संघ प्रमुख ने जिस समसामयिक विषयों पर बातें कहीं हैं, इस बैठक में उसकी भी चर्चा की जाएगी। समाज तक कैसे ले जाया जाए? इसकी योजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।"

अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख ने आगे कहा, "इस बैठक में सरकार्यवाह की ओर से तीन वक्तव्य दिए जाएंगे। पहला वक्तव्य राष्ट्रीय चेतना के पितामह राजनारायण बोस के 200 वर्ष की जयंती पर होगा। शुद्धिकरण आंदोलन के पुरोधा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100वें वर्ष पर एक वक्तव्य जारी किया जाएगा। स्वामी लक्ष्मणानंद के जन्म के 100वें वर्ष के उपलक्ष्य में वक्तव्य जारी किया जाएगा।"

वहीं, इस बैठक में संघ की ओर से एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में अलग-अलग विषयों से जुड़ी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जानकारियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में भोजशाला से संबंधित विषय को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके साथ ही अन्य महत्वपूर्ण विषयों और ऐतिहासिक तथ्यों को भी चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

संघ की इस अखिल भारतीय बैठक को संगठन की आगामी रणनीति और गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में शामिल पदाधिकारी विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे और संघ प्रमुख के मार्गदर्शन में आगे की कार्ययोजना को लेकर चर्चा करेंगे। इंदौर में आयोजित इस बैठक के चलते संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी बनी हुई है।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी

Share this story

Tags