इंदौर में डकैती की योजना बनाते पांच गिरफ्तार, हथियार बरामद
इंदौर 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से औजार के साथ मिर्ची पाउडर भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात को कनाडिया थाने की पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एचआर रिसोर्ट बायपास सर्विस रोड के पास खाली मैदान मे 4-5 व्यक्ति हथियारों से लेस होकर एबी रोड बाईपास पर पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं तथा कोई बडी घटना करने की तैयारी में हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों निर्देश कर कनाड़िया थाने की पुलिस ने दो टीम गठित की। पुलिस के मुताबिक दो अलग-अलग टीम का गठन थाना प्रभारी कनाड़िया सहर्ष यादव के नेतृत्व मे किया गया। गठित दोनो टीमों द्वारा एचआर रिसोर्ट के पास वायपास सर्विस रोड खाली मैदान इंदौर के पास पहुचे, जहां थोड़ी ही दूरी पर पांच व्यक्ति मिले जो बाईपास स्थित पेट्रोल पम्प पर डकैती की योजना बना रहे थे।
इन दोनों टीमों द्वारा घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ा गया। पांचों आरोपी इंदौर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। इनमें से कई का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी है। बताया गया है कि पुलिस से बचने के लिये भागते समय गिरने से एक आरोपी राणा मकवाना को दाहिने हाथ के पंजे में चोट लगी है।
पकड़े गए पांचों व्यक्तियों की तलाशी के दौरान राणा के कब्जे से एक लोहे का दराता, दीपक रघुवंशी के कब्जे से एक मिर्ची पाउडर, श्याम सोलंकी के कब्जे से एक पेंचकस व एक लोहे की टामी, सोहन के कब्जे से एक लोहे की हथौड़ी और श्याम के कब्जे से एक लोहे का सब्बल जप्त किया गया।
वहीं, एक अन्य मामले में अपराध शाखा ने ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए अजय सूर्यवंशी से की गई पूछताछ के आधार पर झाबुआ निवासी शनिद शेख को भी पकडा है । पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थों की मूल सप्लाई चेन, मुख्य स्त्रोत एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम

