Samachar Nama
×

इंदौर में 3 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में 5 पर मामला दर्ज, जांच में जुटी क्राइम ब्रांच

इंदौर में 3 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में 5 पर मामला दर्ज, जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
इंदौर में 3 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में 5 पर मामला दर्ज, जांच में जुटी क्राइम ब्रांच

इंदौर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में जमीन की सौदेबाजी में तीन करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपराध शाखा के एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने संवाददाताओं को बताया कि सतीश गुर्जर नामक व्यक्ति ने जमीन के सौदेबाजी में धोखाधड़ी होने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

दूध कारोबारी सतीश की ओर से की गई शिकायत का जिक्र करते हुए पुलिस अधिकारी दंडोतिया ने बताया है कि सतीश से एक जमीन के लिए सौदेबाजी की गई और फिर उसे बड़ी जमीन का सौदा करने के लिए प्रेरित किया गया। उससे इसके एवज में तीन करोड़ से ज्यादा की रकम संबंधित व्यक्तियों ने ले ली। सतीश का आरोप है कि उसे लगातार जमीन देने का भरोसा दिलाया गया और पैसे भी वापस करने को तैयार नहीं हुए जिस पर उसे मजबूरन पांच लोगों संजय, संतोष, हरगोविंद, परेश और बलराम के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक तौर पर सतीश गुर्जर को जो जमीन दिखाई गई थी, वह भी फर्जी प्रतीत हो रही है। लिहाजा पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। बताया गया है कि सतीश गुर्जर का दूध का कारोबार है और संजय उसके पिछले कई वर्षों से ग्राहक हैं। इसके चलते दोनों के रिश्ते अच्छे थे और इसी का लाभ उठाते हुए संजय ने सतीश से यह धोखाधड़ी की है।

वहीं, इंदौर पुलिस ने शहर के सात विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स, ब्राउन शुगर और गांजे की तस्करी में संलिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इंदौर पुलिस की नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर इस अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story

Tags