Samachar Nama
×

इंदौर में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार

इंदौर में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार
इंदौर में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार

इंदौर, 17 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एमडी ड्रग्स तस्करी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस ने राजस्थान के झालरापाटन से दो सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान उमर अली और शोएब उर्फ भूरा के रूप में हुई है।

डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि 13 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने पोलो ग्राउंड स्थित रेलवे माल गोदाम के पास घेराबंदी कर तोफीक खान को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख 30 हजार रुपये बताई गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था।

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह राजस्थान के झालावाड़ में रहने वाले दो लोगों से नियमित रूप से ड्रग्स मंगाता था। इस जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर झालावाड़ से उमर अली और शोएब उर्फ भूरा को पकड़ा गया। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अब उनसे पूछताछ की जाएगी और उनके ऊपर के संपर्कों (अपस्ट्रीम लिंक्स) के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, उमर अली चौथी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि शोएब उर्फ भूरा दसवीं तक शिक्षित है और कार डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। दोनों के खिलाफ झालरापाटन थाने में मारपीट का एक मामला पहले से दर्ज है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 जोड़ दी है। अब आरोपियों से यह पता लगाया जा रहा है कि राजस्थान से इंदौर तक एमडी ड्रग्स की सप्लाई कैसे होती थी और शहर में इनके संपर्क में कौन-कौन से खरीदार और तस्कर शामिल हैं।

डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 91 मामलों में 202 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में करीब 4 करोड़ 51 लाख 82 हजार रुपये कीमत के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story

Tags