Samachar Nama
×

इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक

इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक
इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक

इंदौर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक इस वर्ष मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 2, 3 और 4 नवंबर को आयोजित की जाएगी। संघ ने जारी आधिकारिक जानकारी में बताया कि तीन दिवसीय बैठक में संगठन के शीर्ष पदाधिकारी और देशभर से प्रांत एवं क्षेत्र स्तर के प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे।

बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी छह सह सरकार्यवाह और विभिन्न अखिल भारतीय विभागों के प्रमुख मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कार्यकारिणी के सदस्य भी बैठक में भाग लेंगे।

संघ की संगठनात्मक संरचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा सह प्रांत संघचालक, सह प्रांत कार्यवाह और सह प्रांत प्रचारक इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। वहीं, संघ के सभी 11 क्षेत्रों के क्षेत्र संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और उनके सहयोगी पदाधिकारी भी इसमें हिस्सा लेंगे।

आरएसएस के अनुसार, हाल ही में संपन्न विजयादशमी उत्सव के साथ पिछले एक वर्ष से देशभर में चल रही संघ शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। ऐसे में बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में विजयादशमी उत्सव के अवसर पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा दिए गए उद्बोधन में उठाए गए प्रमुख विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही वर्तमान समय के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

संघ ने बताया कि बैठक के दौरान डिजिटल और नए माध्यमों की सामग्री (कंटेंट), नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप, वैश्विक परिदृश्य तथा समकालीन सामाजिक-राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह बैठक संगठन के आगामी कार्यक्रमों, कार्ययोजनाओं और राष्ट्रीय मुद्दों पर संघ की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags