इंडोनेशिया: कैंडी फैक्ट्री में लगी आग, 3 की मौत और 30 लापता
जकार्ता, 22 नवंबर (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत में शनिवार को एक कैंडी फैक्ट्री में लगी आग की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश रविवार सुबह तक जारी रही।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से ये जानकारी दी। बैंटन प्रांत में लगी इस आग से 15 लोग बच गए, जिनमें से चार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अंतरा न्यूज एजेंसी ने बताया, रविवार सुबह रेस्क्यू टीम की एक ऑपरेशनल रिपोर्ट के अनुसार, सेरांग के पंचातामा इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित 'पीटी फोनुसा आगुंग मुलिया' की इकाई में शनिवार को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली।
यह आग शनिवार शाम सेरांग रीजेंसी के सिकंडे में स्थित एक कैंडी फैक्ट्री में लगी थी। अधिकारियों ने आग लगने के कारण की जानकारी नहीं दी।
संयुक्त आपातकालीन टीमों ने रात भर काम करके आग बुझाई और क्षतिग्रस्त गोदाम को ठंडा किया, ताकि बचावकर्मी सुरक्षित रूप से अंदर जाकर संभावित पीड़ितों की तलाश कर सकें।
बासारनास (इंडोनेशियाई राष्ट्रीय जांच और बचाव दल) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अभी भी स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है और हताहतों की संख्या की पुष्टि की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय खोजी टीमें दमकलकर्मियों के साथ मिलकर इमारत की संरचनात्मक मजबूती का आकलन कर रही हैं।
दमकलकर्मी अभी भी कूलिंग ऑपरेशन चला रहे हैं, क्योंकि फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में आग की लपटें और हॉटस्पॉट बने हुए थे।
सेरांग जिला आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के जॉनी ई. वांगा ने पुष्टि की कि शनिवार देर रात लगी आग से निपटने के लिए कम से कम तीन दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं।
जॉनी ने कहा, "फिलहाल, जिले ने एक यूनिट भेजी है, जिसे अन्य दमकल विभागों से अतिरिक्त मदद मिल रही है। पुष्टि होने के बाद हम और जानकारी देंगे।"
अधिकारियों ने आग लगने की वजह को लेकर कोई जानकारी नहीं दी और न ही नुकसान के पूरे दायरे का आकलन किया है। कूलिंग और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही हताहतों की आधिकारिक संख्या सामने आ पाएगी।
--आईएएनएस
केआर/

