Samachar Nama
×

इंडिगो की लंदन-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी वापसी: हवा में आई तकनीकी खराबी, 1 घंटे बाद लंदन वापस उतरा विमान

इंडिगो की लंदन-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी वापसी: हवा में आई तकनीकी खराबी, 1 घंटे बाद लंदन वापस उतरा विमान

लंदन से दिल्ली आ रही इंडिगो की ड्रीमलाइनर फ्लाइट को तकनीकी दिक्कत के कारण उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद वापस लंदन लौटना पड़ा। फ्लाइट 6E4 ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से भारतीय समय के अनुसार रात करीब 12:40 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलने पर पायलटों ने तय प्रक्रिया के तहत विमान को वापस मोड़ दिया। करीब 2 बजे विमान ने हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

इंडिगो ने फिलहाल यह जानकारी नहीं दी है कि विमान में कितने यात्री सवार थे और तकनीकी समस्या किस तरह की थी। एयरलाइन के मुताबिक विमान की मेंटेनेंस टीम जांच कर रही है। जरूरी जांच और मंजूरियां पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।

रक्षा मंत्रालय ने 160 स्मार्ट एंटी एयरफील्ड वेपन्स का कॉन्ट्रैक्ट किया

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना के लिए 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी एयरफील्ड वेपन्स और संबंधित उपकरणों की खरीद के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ 810.79 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है।

सैट-साव एक हवा से जमीन पर मार करने वाला सटीक निर्देशित ग्लाइड बम है। इसे जगुआर, हॉक और Su-30 MKI जैसे लड़ाकू विमानों से लॉन्च किया जा सकता है। इसकी मदद से लंबी दूरी से दुश्मन के एयरफील्ड को निशाना बनाने की क्षमता बढ़ेगी।

ऑनलाइन कंटेंट हटाने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने ऑनलाइन कंटेंट को हटाने और ब्लॉक करने की मांग वाली एक याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। याचिका में केंद्र सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को ऐसे कंटेंट की पहचान करने के लिए निर्देश देने की मांग की गई थी, जिससे सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका हो।

याचिकाकर्ता ने ऐसे कंटेंट पर कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश बनाने की भी मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।

UDAN योजना का नया चरण शुरू, 4 करोड़ यात्रियों को हवाई सेवा से जोड़ने का लक्ष्य

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने UDAN योजना के अगले चरण की शुरुआत की है। इसके तहत केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 21 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस चरण का उद्देश्य उन इलाकों में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाना है, जहां फिलहाल हवाई सेवाएं कम हैं या उपलब्ध नहीं हैं। सरकार ने एयरड्रोम डेवलपमेंट के लिए चैलेंज मोड पोर्टल और UDAN रूट बिडिंग से जुड़ा नया स्कीम डॉक्यूमेंट भी लॉन्च किया है।

सरकार के मुताबिक अगले 10 वर्षों में 120 नए डेस्टिनेशन जोड़ने और करीब 4 करोड़ नए यात्रियों को हवाई सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

तरंग शक्ति 2026 में पहली बार शामिल होगा अमेरिकी F-35

जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक मल्टीलेटरल एयर एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति 2026’ का दूसरा संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास में अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और UAE समेत 7 देश हिस्सा लेंगे।

इस बार अमेरिकी स्टील्थ फाइटर F-35 पहली बार इस एक्सरसाइज में शामिल होगा। भारतीय वायुसेना राफेल, मिराज-2000, जगुआर, तेजस, MiG-29 और Su-30 MKI समेत कई एयरक्राफ्ट उतारेगी। अभ्यास में भारतीय वायुसेना के करीब 60 से 80 एयर एसेट्स शामिल होने की बात कही गई है।

विदेशी एयर एसेट्स में अमेरिका का F-35, फ्रांस का राफेल, UAE का F-16 और बांग्लादेश का C-130J शामिल हैं। इन देशों के विमान भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर जॉइंट टैक्टिकल मैन्युवर्स करेंगे।

नेपाल में भारतीय फोरेंसिक टीम ने जांचे 3 हजार DNA सैंपल

नेपाल में आई बाढ़ के बाद काठमांडू में तैनात भारतीय फोरेंसिक टीम ने करीब 3,000 DNA सैंपल की जांच की है। टीम अब तक 1,200 से ज्यादा DNA प्रोफाइल तैयार कर चुकी है।

विदेश मंत्रालय ने 22 सितंबर को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल में 275 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी पहले सामने आई थी। इसके अलावा भारतीय मूल के कई अन्य लोगों के भी लापता होने की सूचना है।

भारतीय फोरेंसिक टीम DNA प्रोफाइलिंग के जरिए लापता लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया में मदद कर रही है।

Share this story

Tags