इंडिगो की बड़ी घोषणा: 1 मई से फिर से शुरू होंगी कतर के लिए उड़ान सेवाएं
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने 1 मई 2026 से कतर की राजधानी दोहा के लिए अपनी सभी फ्लाइट सेवाएं फिर से शुरू करने का ऐलान किया है। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण इन उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब हालात सामान्य होने के बाद एयरलाइन ने दोबारा संचालन शुरू करने का फैसला लिया है।
एक नोट में कंपनी ने बताया कि इंडिगो अब भारत के सात प्रमुख शहरों—बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कन्नूर, कोच्चि और मुंबई—से दोहा के लिए अपनी नियमित उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइन हर हफ्ते 60 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करेगी, जिससे यात्रियों को पहले की तरह आसान और किफायती यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
दोहा भारत और दुनिया के अन्य देशों के बीच एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब है। इंडिगो की सेवाएं दोबारा शुरू होने से यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कतर से भारत आने वाले यात्रियों को भी इंडिगो के बड़े नेटवर्क के जरिए देश के कई शहरों और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने में आसानी होगी।
एयरलाइन ने कहा है कि सभी उड़ानें मौजूदा एयरस्पेस स्थितियों और संबंधित अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएंगी। इंडिगो ने यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई है।
यात्री अपनी टिकट इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल एजेंट्स के जरिए आसानी से बुक कर सकते हैं। एयरलाइन का कहना है कि वह किफायती किराए और समय पर उड़ानों के साथ यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि वर्तमान समय में इंडिगो भारत की सबसे पसंदीदा एयरलाइनों में से एक है और दुनिया की तेजी से बढ़ती एयरलाइनों में शामिल है। 400 से ज्यादा विमानों के बेड़े के साथ यह रोजाना 2,200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है और 95 से ज्यादा घरेलू व 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती है।
इंडिगो को 2025 में स्काईट्रैक्स द्वारा 'भारत और दक्षिण एशिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन' का खिताब भी मिल चुका है, जबकि एविएशन एनालिटिक्स फर्म सिरियम ने इसे एशिया-पैसिफिक की सबसे समयनिष्ठ एयरलाइनों में शामिल किया है।
--आईएएनएस
डीबीपी

