इंडिगो के केबिन क्रू ने मुख्यमंत्री के 'स्वयंपूर्ण गोवा' कॉन्सेप्ट की तारीफ करते हुए लिखा पत्र, डॉ. सावंत हुए अभिभूत
पणजी, 22 अगस्त (आईएएनएस)। इंडिगो की एक फ्लाइट के केबिन क्रू ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत को पत्र लिखकर उनकी और उनकी योजनाओं की प्रशंसा की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत की 'स्वयंपूर्ण गोवा' की अवधारणा विशेष रूप से सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने भी इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि वे 'केबिन क्रू' द्वारा लिखे गए पत्र की सामग्री से अभिभूत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिगो से यात्रा करना हमेशा सुखद होता है। इस पत्र को सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और कई लोगों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी है।
इंडिगो के केबिन क्रू ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा, "हमारे साथ आपकी यात्रा हमारे क्रू के लिए वास्तव में एक विशेष क्षण है। हम आपको अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देने का अवसर पाकर आभारी हैं। सार्वजनिक सेवा में आपका सफर और प्रगति एवं विकास में आपका निरंतर योगदान वास्तव में प्रेरणादायक है। गोवा के वर्तमान मुख्यमंत्री के रूप में आपका नेतृत्व सार्वजनिक सेवा, समावेशी विकास और राज्य की जनता की आकांक्षाओं के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
पत्र में आगे लिखा, "केबिन क्रू के रूप में हम अपने नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी को सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। हमारी यात्रा हमें याद दिलाती है कि चाहे वह जनसेवा हो या हमें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वाह, अंततः जो मायने रखता है, वह है ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वाह करना। यह क्रू की ओर से गोवा और हमारे राष्ट्र के प्रति हमारी सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।"
केबिन क्रू ने कहा, "आपकी (मुख्यमंत्री) सेवा और नेतृत्व की यात्रा में आप निरंतर सफल रहें और एक अधिक सक्षम और बेहतर भारत के निर्माण में आपका कार्य प्रेरणादायक बना रहे, यही हमारी हार्दिक शुभकामना है!"
विमान के संपूर्ण चालक दल की ओर से हरिप्रिया, शिवानी, तनु और दीपाबली ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत को यह पत्र लिखा है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

