बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग में आई दिक्कत, फुटेज में देंखे रनवे से टकराया विमान का पिछला हिस्सा
केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को इंडिगो की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 का पिछला हिस्सा लैंडिंग के समय रनवे से टकरा गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दोबारा हवा में ले लिया और दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग कराई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर गुवाहाटी से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर रही थी। पहली बार लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाई, जिसमें विमान को दोबारा उड़ान भराकर सुरक्षित ऊंचाई पर ले जाया जाता है।इसके बाद विमान ने कुछ समय बाद फिर से लैंडिंग का प्रयास किया। दूसरी कोशिश में दोपहर करीब डेढ़ बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। विमान में सवारसभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
गो-अराउंड प्रक्रिया से टला खतरा
एविएशन में गो-अराउंड एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को लैंडिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी महसूस होती है या विमान सही स्थिति में नहीं आ पाता है, तो वह लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा उड़ान भराता है। इसके बाद स्थिति सामान्य होने पर फिर से लैंडिंग कराई जाती है।इस मामले में भी पायलट ने समय रहते फैसला लेते हुए गो-अराउंड किया, जिससे किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सका।
घटना की जांच की जाएगी
फिलहाल इस घटना को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। विमान के रनवे से टकराने के कारणों की जांच की जाएगी। एयरलाइन और संबंधित एजेंसियां घटना की तकनीकी जांच कर सकती हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लैंडिंग के दौरान परेशानी किस वजह से आई।सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए लिया जा सकता है। यात्रियों को भी दूसरी लैंडिंग के बाद सामान्य प्रक्रिया के तहत बाहर निकाला गया।

