वेनेजुएला में मृत भारतीय नाविक के शव से अंग गायब होने का आरोप, वीडियो में जाने परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
वेनेजुएला में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले भारतीय मर्चेंट नेवी कर्मी राकेश चौहान के शव को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतक के परिवार का दावा है कि भारत लाए गए शव के दोबारा पोस्टमॉर्टम के दौरान शरीर से कई महत्वपूर्ण अंग गायब पाए गए। मामले ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह जानकारी फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया पर साझा की है। संगठन के अनुसार, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने पर शरीर पर 22 टांके मिले और कई आंतरिक अंग मौजूद नहीं थे।
परिजनों का कहना है कि शव से मस्तिष्क, हृदय, फेफड़े, लिवर, किडनी, तिल्ली (स्प्लीन), अग्न्याशय (पैंक्रियास), पेट, आंतें, थायरॉयड ग्रंथि, जीभ के नीचे की हड्डी, वॉइस बॉक्स और श्वास नली समेत कई अंग गायब थे। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
राकेश चौहान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे। उन्होंने नवंबर 2025 में मर्चेंट नेवी जॉइन की थी और वेनेजुएला में मरीन फिटर के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद उनका शव भारत लाया गया।
परिवार का आरोप है कि शव की स्थिति देखकर उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसी प्रक्रिया में कथित तौर पर कई अंगों के गायब होने की बात सामने आई।फिलहाल, इस मामले में संबंधित विदेशी अधिकारियों या भारतीय सरकारी एजेंसियों की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की सत्यता और परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

