Samachar Nama
×

सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से भारतीय नौसेना ने छुड़ाया ईरानी जहाज, 20 क्रू मेंबर सुरक्षित; वीडियो में देंखे 48 घंटे चला ऑपरेशन

सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से भारतीय नौसेना ने छुड़ाया ईरानी जहाज, 20 क्रू मेंबर सुरक्षित; वीडियो में देंखे 48 घंटे चला ऑपरेशन

भारतीय नौसेना ने सोमालिया के समुद्री क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए समुद्री लुटेरों के कब्जे से ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' (Azini) को छुड़ा लिया। इस ऑपरेशन में जहाज पर सवार सभी 20 ईरानी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। सोमवार को पूरा हुआ यह अभियान 48 घंटे से ज्यादा चला। इसमें भारतीय वायुसेना ने भी नौसेना की मदद की। यह कार्रवाई मुंबई से 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर अरब सागर में की गई।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल ऑपरेशन के लिए भारतीय नौसेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना की समय पर मिली मदद से जहाज और उसके क्रू सदस्यों को हथियारबंद समुद्री लुटेरों के कब्जे से सुरक्षित निकाला जा सका।

12 हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने किया था जहाज का अपहरण

ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज अजिनी का 29 अक्टूबर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास अपहरण कर लिया गया था। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, 12 हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया था। उस समय जहाज पर 21 ईरानी क्रू सदस्य और दो सोमाली सुरक्षा गार्ड मौजूद थे।समुद्री लुटेरों के कब्जे में जाने के बाद जहाज से जुड़ी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। आशंका जताई जा रही थी कि लुटेरे इस जहाज का इस्तेमाल दूसरे व्यापारिक जहाजों पर हमले करने के लिए मदर शिप के रूप में कर सकते हैं। इससे अरब सागर और आसपास के समुद्री व्यापारिक रास्तों पर खतरा बढ़ सकता था।

48 घंटे तक चला नौसेना और वायुसेना का संयुक्त ऑपरेशन

जहाज के अपहरण की सूचना मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने एक युद्धपोत को कार्रवाई के लिए तैनात किया। इसके साथ समुद्री निगरानी विमान की मदद से जहाज की तलाश शुरू की गई।लगातार निगरानी के बाद नौसेना ने जहाज का पता लगाया और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए जहाज को रोका गया। भारतीय वायुसेना के C-17 विमान की मदद से नौसेना के मरीन कमांडो को भी ऑपरेशन में उतारा गया।कमांडो ने जहाज पर कार्रवाई कर समुद्री लुटेरों के खतरे को खत्म किया और क्रू दस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। नौसेना के मुताबिक, इस पूरे अभियान में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।

राजनाथ सिंह ने नौसेना की तारीफ की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारतीय नौसेना को सफल अभियान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्र में 48 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में नौसेना ने बेहतरीन समन्वय और तैयारी का परिचय दिया।उन्होंने भारतीय वायुसेना की समय पर मिली मदद की भी सराहना की। राजनाथ सिंह के मुताबिक, इस अभियान ने समुद्री खतरों से निपटने और लोगों की जान बचाने की भारत की क्षमता को दिखाया है।

व्यापारिक जहाजों पर हमले की थी आशंका

अधिकारियों के मुताबिक, समुद्री लुटेरों के कब्जे में गया अजिनी जहाज आगे चलकर दूसरे व्यापारिक जहाजों पर हमले के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। इस तरह के जहाज को मदर शिप कहा जाता है, जिसका इस्तेमाल समुद्री लुटेरे दूर तक जाकर दूसरे जहाजों को निशाना बनाने के लिए कर सकते हैं।इसलिए जहाज को सुरक्षित छुड़ाना समुद्री सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण था। भारतीय नौसेना ने इस अभियान के जरिए हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री रास्तों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Share this story

Tags