Samachar Nama
×

LoC पर सुरक्षा मजबूत करेगा भारत, तैनात होगा पांचवां S-400 सिस्टम: वीडियो में जाने फरवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद, चीन के J-35 का भी जवाबी प्लान

LoC पर सुरक्षा मजबूत करेगा भारत, तैनात होगा पांचवां S-400 सिस्टम: वीडियो में जाने फरवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद, चीन के J-35 का भी जवाबी प्लान

भारत जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से लगी 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) पर हवाई सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने की योजना है। इसके फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार होने की उम्मीद है। इस सिस्टम के आने से सीमा पर दुश्मन के लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और ड्रोन से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की एक टीम अगले महीने रूस का दौरा करेगी। वहां S-400 सिस्टम का प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद सिस्टम को भारत भेजने और तैनाती की तैयारी आगे बढ़ेगी। इस मामले से जुड़े दो अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है।

चीन के J-35 विमान को लेकर भी भारत की तैयारी

चीन की ओर से 2027 में पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी के J-35 लड़ाकू विमान दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है।इसके तहत भारत लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों और लोइटरिंग म्यूनिशन को तैयार करने और खरीदने पर विचार कर रहा है। इन हथियारों के जरिए चीन की PL-15 E लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल और HQ-9BE एयर डिफेंस सिस्टम का मुकाबला करने की तैयारी है।

ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुई थी PL-15 E मिसाइल

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने चीनी J-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश AWACS की मदद से PL-15 E मिसाइलों का इस्तेमाल किया था। इन मिसाइलों की मारक क्षमता करीब 200 किलोमीटर बताई गई है।चीन की ओर से पाकिस्तान को आधुनिक लड़ाकू विमान और हथियार मिलने की संभावनाओं के बीच भारत भी अपनी हवाई सुरक्षा और हमलावर क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दे रहा है।

कितना ताकतवर है रूस का S-400 सिस्टम?

S-400 ट्रायम्फ रूस का आधुनिक एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम है। इसे वर्ष 2007 में लॉन्च किया गया था। इसे दुनिया के प्रमुख और आधुनिक वायु रक्षा सिस्टम में गिना जाता है।यह सिस्टम दुश्मन के लड़ाकू विमानों, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों, ड्रोन तथा स्टेल्थ विमानों जैसे हवाई खतरों को निशाना बनाने में सक्षम है। इसकी खासियत यह है कि यह अलग-अलग तरह के हवाई खतरों से एक साथ निपटने के लिए तैयार किया गया है।भारत के लिए पांचवें S-400 सिस्टम की तैनाती नियंत्रण रेखा पर हवाई निगरानी और रक्षा क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम होगी। वहीं, चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग को देखते हुए लंबी दूरी के हथियारों और आधुनिक रक्षा प्रणालियों पर भारत का जोर भी बढ़ रहा है।

Share this story

Tags