Samachar Nama
×

भारत ने पाकिस्तान-चीन सीमा आयोग को किया खारिज, वीडियो में कहा- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा

भारत ने पाकिस्तान-चीन सीमा आयोग को किया खारिज, वीडियो में कहा- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा

भारत ने पाकिस्तान और चीन के बीच इस्लामाबाद में शुरू किए गए सीमा आयोग को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न हिस्से हैं और इन क्षेत्रों से जुड़े किसी भी मामले में पाकिस्तान को कोई अधिकार नहीं है।विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान और चीन के बीच कोई वैध सीमा मौजूद नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, यह आयोग बिना किसी कानूनी आधार के बनाया गया है और भारत इससे जुड़े किसी भी कदम को स्वीकार नहीं करता है।

भारत ने जताई आपत्ति

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान को भारतीय क्षेत्र से जुड़े किसी भी समझौते में शामिल होने का अधिकार नहीं है। मंत्रालय ने पाकिस्तान से अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करने की मांग भी दोहराई।भारत की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान द्वारा अवैध और जबन कब्जे वाले इलाकों को लेकर किए गए किसी भी समझौते की कोई वैधता नहीं है। भारत लंबे समय से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को अपना क्षेत्र बताता रहा है और इस पर अपना दावा रखता है।

पाकिस्तान ने बताया सहयोग बढ़ाने वाला कदम

वहीं, पाकिस्तान ने इस सीमा आयोग को दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक कदम बताया है। पाकिस्तान के अनुसार, आयोग के जरिए संयुक्त सीमा सर्वे, व्यापारिक आवाजाही और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के रास्ते खुल सकते हैं।पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीमा आयोग की पहली बैठक इस्लामाबाद स्थित विदेश मंत्रालय में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा और समुद्री मामलों के विभाग के उप महानिदेशक ली या और पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में चीन मामलों के महानिदेशक बिलाल महमूद चौधरी ने की।

चीन-पाकिस्तान सीमा सहयोग पर भारत की नजर

चीन और पाकिस्तान के बीच सीमा से जुड़े मुद्दों पर सहयोग को लेकर भारत पहले भी आपत्ति जताता रहा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्रों में किसी भी तीसरे देश की गतिविधियां उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से जुड़ा विषय हैं।इस मामले में भारत ने एक बार फिर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से संबंधित किसी भी गतिविधि या समझौते को वह स्वीकार नहीं करेगा।

Share this story

Tags