भारत के पास 36 नहीं, सिर्फ 32 सक्रिय राफेल विमान होने का दावा: फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट पर विवाद, वीडियो में पूर्व एयर मार्शल बोले- आंकड़े पूरी तरह गलत
भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइट ग्लोबल की 2027 वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय वायुसेना के पास 36 नहीं, बल्कि केवल 32 सक्रिय राफेल विमान हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि बाकी चार विमान कहां हैं और उन्हें सक्रिय विमानों की सूची से किस आधार पर हटाया गया है।
इस रिपोर्ट पर भारतीय वायुसेना के पूर्व उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों को पूरी तरह गलत बताया है। साथ ही मैगजीन से अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करने को कहा है। इस दावे के सामने आने के बाद राफेल विमानों की वास्तविक संख्या और उनकी परिचालन स्थिति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
पिछले साल 35 सक्रिय राफेल बताए थे
फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सूची में राफेल डीएच और ईएच की कुल संख्या 32 बताई गई है। डीएच श्रेणी में दो सीटों वाले राफेल विमान शामिल हैं, जबकि ईएच श्रेणी में एक सीट वाले विमान आते हैं।भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे। इनमें 28 एक सीट वाले और 8 दो सीट वाले विमान शामिल हैं। पिछले साल फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट में भारत के 35 राफेल विमानों को सक्रिय बताया गया था। लेकिन इस बार इनकी संख्या घटाकर 32 कर दी गई है। रिपोर्ट में न तो इस बदलाव की कोई वजह बताई गई है और न ही इसके समर्थन में कोई सबूत दिया गया है।यह रिपोर्ट ब्रिटेन की विमानन संबंधी आंकड़े और विश्लेषण उपलब्ध कराने वाली कंपनी सीरियम के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है। इसमें दुनिया के 160 देशों के सैन्य विमान बेड़ों से जुड़ी जानकारी शामिल है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद राफेल पर उठे थे सवाल
राफेल विमानों की संख्या को लेकर यह मामला ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए दावों के बाद और चर्चा में आया था। उस समय पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने भारत के चार राफेल लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। हालांकि, भारत की ओर से इन दावों को खारिज किया गया था।पूर्व एयर मार्शल एन. तिवारी ने भी पाकिस्तान के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राफेल विमानों को मार गिराने की बात कही गई थी, वे बाद में अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते दिखाई दिए। उनके मुताबिक, फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट में बताए गए आंकड़े सही नहीं हैं और मैगजीन को अपने सूचना स्रोतों की विश्वसनीयता जांचनी चाहिए।
रिपोर्ट में चार विमानों को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं
रिपोर्ट में 36 राफेल विमानों में से केवल 32 को सक्रिय दिखायागया है, लेकिन बाकी चार विमानों की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। यह भी नहीं बताया गया कि उन्हें सक्रिय सूची से हटाने के पीछे तकनीकी, रखरखाव या कोई अन्य कारण है।ऐसे में रिपोर्ट के आंकड़ों पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि चार विमानों को सक्रिय सूची से बाहर रखने की वजह क्या है। एयर मार्शल तिवारी की आपत्ति के बाद इस रिपोर्ट की विश्वसनीयता को लेकर बहस तेज हो गई है।

