इंडिया ब्लॉक की बैठक बहुत अच्छे और उत्साहपूर्ण माहौल में हुई: संजय राउत
मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इंडिया ब्लॉक गठबंधन की दिल्ली में आयोजित हुई बैठक को लेकर कहा कि बहुत अच्छे और उत्साहपूर्ण माहौल में बैठक संपन्न हुई।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत लगभग 23 राजनीतिक दल शामिल थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी वर्चुअली जुड़े।
उन्होंने कहा कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उद्धव ठाकरे ने बैठक में जोर देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने, देश में बदलाव लाने और भाजपा से मुकाबला करने के लिए इंडिया ब्लॉक को पीएम पद का चेहरा सामने लाना चाहिए। साथ ही एक कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने और नियमित रूप से बैठकें करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
राउत ने कहा कि साल में एक बार मिलना पर्याप्त नहीं है। हमें लगातार बैठकें करनी होंगी। हेमंत सोरेन का भी यही कहना था।
उन्होंने कहा कि बैठक में जिन पांच मुद्दों पर सहमति बनी है, उसमें सबसे पहले भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें देश में हो रही घटनाओं की जानकारी दी जाएगी। इंडिया ब्लॉक की अगली बैठक हैदराबाद में होगी। सभी का एकमत है कि संघर्ष जारी रहेगा।
डीएमके का जिक्र करते हुए राउत ने कहा कि हम उन्हें बुलाएंगे। अगर वे इंडिया अलायंस के सदस्य हैं तो जुड़े रहें। राजनीति में कुछ भी हो सकता है।
टीएमसी में पड़ रही फूट पर राउत ने टीएमसी और शिवसेना में फर्क बताते हुए कहा कि जब शिवसेना से लोग गए तो हम डरे नहीं थे। हम बिना डरे लड़े। हमने हथियार नहीं डाले, जो लोग बचे, वे लड़ते रहे। हमारी पार्टी लोकसभा में जीत गई, हमारा सिंबल हमारे हाथ से चला गया।
राउत ने कहा कि मैं ममता दीदी से कहना चाहूंगा कि जिन्होंने दिल तोड़ा, बेईमान और गद्दार साबित हुए, उन्हें भूल जाना चाहिए। उनके पीछे नहीं भागना चाहिए। जिनमें हिम्मत है, वे लड़ें, देश उनके साथ है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

