Samachar Nama
×

बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान से मिले भारत के उच्चायुक्त, आपसी हितों पर हुई चर्चा

बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान से मिले भारत के उच्चायुक्त, आपसी हितों पर हुई चर्चा
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान से मिले भारत के उच्चायुक्त, आपसी हितों पर हुई चर्चा

नई द‍िल्‍ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को पहली बार बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। यह बातचीत द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हितों पर केंद्रित रही।

मुलाकात के दौरान उच्चायुक्त ने पीएम तारिक रहमान को भारत के प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने कहा कि भारत, बांग्लादेश की सरकार और यहां के लोगों के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर मिलकर काम करना चाहता है।

दोनों पक्षों ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के संभावित तरीकों पर चर्चा की गई।

बातचीत में लोगों को केंद्र में रखने वाले दृष्टिकोण (पीपल-सेंट्रिक अप्रोच) पर जोर दिया गया, ताकि दोनों देशों के बीच सहयोग का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्हें यह निमंत्रण 'बिम्सटेक' (बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में दिया गया है।

'बिम्सटेक' बंगाल की खाड़ी के आसपास और उससे जुड़े क्षेत्रों के सात सदस्य देशों का एक समूह है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, यह दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके पांच सदस्य दक्षिण एशिया के बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल और श्रीलंका से हैं। वहीं, दो सदस्य दक्षिण-पूर्व एशिया के म्यांमार और थाईलैंड से हैं।

नई दिल्ली में आयोजित विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद ही तारिक रहमान को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भेज दिया गया था।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story

Tags