Samachar Nama
×

इंडी गठबंधन की रैली पर भाजपा नेताओं का तंज, कहा-'जनता देगी जवाब, पैसे देकर लाए जा रहे लोग'

इंडी गठबंधन की रैली पर भाजपा नेताओं का तंज, कहा-'जनता देगी जवाब, पैसे देकर लाए जा रहे लोग'
इंडी गठबंधन की रैली पर भाजपा नेताओं का तंज, कहा-'जनता देगी जवाब, पैसे देकर लाए जा रहे लोग'

पटना, 1 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में आज होने वाली इंडी गठबंधन की रैली को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए रैली को जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया है। बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष के आरोपों और रैली के मुद्दों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने भी विपक्षी नेताओं पर हमला बोला है।

बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने इंडी गठबंधन की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि रामलीला मंडली के सदस्य रामलीला करने के लिए रामलीला मैदान में जुट रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के बीच फैलाए जा रहे इन दावों पर कौन विश्वास करेगा कि वोट चुरा लिए गए हैं? उन्होंने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति पर भी भरोसा नहीं है। यहां तक कि विपक्षी नेता भगवान गणेश पर भी सवाल उठा रहे हैं।

रामकृपाल यादव ने आगे कहा कि विपक्ष के सभी नेता रामलीला मंडली के सदस्य हैं। चाहे तेजस्वी यादव हों या कोई अन्य नेता, सभी राहुल गांधी के नेतृत्व में चलते हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं की तुलना रावण से करते हुए कहा कि जनता चुनाव में इन सभी को हरा देगी।

वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष की रैली पर सवाल उठाए। उन्होंने जी20 वैश्विक मंच का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, व्यापार, जहाजों और बुनियादी ढांचे पर जानबूझकर किए जा रहे हमले महज संयोग नहीं हैं, बल्कि वैश्विक कीमतों को प्रभावित करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं।

सरावगी ने कहा कि त्योहारों के मौसम में व्यापारी सालभर के नुकसान की भरपाई करने की कोशिश करते हैं लेकिन कई व्यापारिक संगठन इस रैली के समय पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के जरिए जिन मुद्दों को उठाया जा रहा है, वे देश की वास्तविक समस्याएं नहीं हैं बल्कि जनता के बीच झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश है।

उधर, पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने भी विपक्षी एकजुटता पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जनता को पता है कि कौन किस तरह की राजनीति कर रहा है और जनता किसके साथ है, इसका पता समय-समय पर चलता रहता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल काफी दिनों बाद एक साथ रैली करने की हिम्मत जुटा पाए हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए घोष ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता रैली और प्रदर्शन के नाम पर लंबे समय से व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी जनता को गुमराह करने के लिए रैली के बाद घर लौटते समय खरीदारी करने की अपील कर रहा है। घोष ने दावा किया कि विपक्षी दल लोगों को पैसे देकर रैली में लाते हैं, इसलिए उनकी अपील का कोई खास असर नहीं होगा और लोग खरीदारी के लिए नहीं जाएंगे।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story