INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन में मारपीट की घटना: नारेबाजी पर युवक की पिटाई, आंसू पोंछते हुए दिया नेपाल वाला बयान
राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के मार्च के दौरान गुरुवार को हंगामा देखने को मिला। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाला एक कश्मीरी युवक प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया।खुद को फहीम नजीर बताने वाले इस युवक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश को नेपाल और बांग्लादेश बनाने की साजिश चल रही है और उसकी जिम्मेदारी है कि देश को ऐसा नहीं बनने दिया जाए। उसने राहुल गांधी से सवाल करने की भी मांग की।
बातचीत के दौरान युवक भावुक होकर रोने लगा। इसी बीच मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उसकी झड़प हो गई। आरोप है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई भी की। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सामने आए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।युवक ने कहा कि उसने राहुल गांधी को कोई गाली नहीं दी और वह सिर्फ सवाल पूछने के लिए वहां आया था। उसने कहा कि देश में लोकतंत्र है और उसे अपनी बात रखने का अधिकार है।
कांग्रेस आज मना रही 'ब्लैक डे'
वहीं, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस की कथित बदसलूकी के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को देशभर में 'ब्लैक डे' मनाने और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाइयों से भी विरोध प्रदर्शन आयोजित करने को कहा है। पार्टी का कहना है कि विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली में किए गए व्यवहार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
खरगे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों को एक बार फिर लंच के लिए आमंत्रित किया है। उन्हें कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में दोपहर करीब पौने दो बजे पहुंचने का न्योता दिया गया है।
लंच के बाद विपक्षी सांसद प्रदर्शन के लिए रवाना हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली में आज विपक्ष के प्रदर्शन और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर माहौल गरम रहने की संभावना है।

