गुजरात में तेज रफ्तार कार ने 7 बार पलटी खाई, 20 फीट हवा में उछले दो युवक; मौके पर मौत, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। टंकारा के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने लगी। कार ने करीब 6 से 7 बार पलटी खाई। इस दौरान चालक और आगे की सीट पर बैठा युवक कार से उछलकर करीब 20 फीट ऊंचाई से सड़क पर जा गिरे। जमीन पर गिरते ही दोनों की मौत हो गई। वहीं, पिछली सीट पर बैठा एक युवक मामूली रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद कार सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि कार तेज रफ्तार से हाईवे से गुजर रही है। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण खो देता है और वाहन सड़क पर पलटने लगता है। कई बार पलटने के बाद कार सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से टकराकर रुक जाती है।
दो युवकों की मौत, एक घायल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया और प्रभात कालूभाई लामका के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तीनों युवक मंडप सजावट का काम करते थे। वे इसी काम के सिलसिले में मोरबी जा रहे थे। इसी दौरान टंकारा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में शोक छा गया।

