पति से हुई लड़ाई तो गुस्से में बेटे-बेटी को दिया जहर, फिर खुद भी किया सुसाइड का प्रयास, एक मां बनी अपने ही बच्चों की दुश्मन?

बिहार के पूर्णिया में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां सौतियादह में एक महिला ने न सिर्फ अपने घर में तोड़फोड़ की, बल्कि अपने मासूम बेटे और बेटी को जहर देने के बाद खुद भी वही जहर खा लिया। इस घटना में दोनों बच्चों की मौत हो गई है। महिला की हालत गंभीर है। उसे कटिहार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त महिला का पति उसकी बेटी को छोड़ने उसके मायके गया हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला पूर्णिया के धमदाहा गांव के कुआंड़ी पंचायत के सतमी बिन टोली वार्ड-17 का है।
30 वर्षीय महिला नीलम ने बीते गुरुवार की रात अपने घर में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर पड़ोसियों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने फोन भी किया, लेकिन महिला ने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में रात में ही उसके परिजन घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो देखा कि वह अपने मासूम बेटे और बेटी के साथ बेहोश पड़ी है। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। महिला को गंभीर हालत में कटिहार के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
रोज होता था झगड़ा
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और महिला के पति वीरेंद्र को दी गई। पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक महिला नीलम अपने पति वीरेंद्र की दूसरी पत्नी है। उसने अपने पहले पति को छोड़कर पांच साल पहले वीरेंद्र से शादी की थी। इस शादी के बाद उनका तीन साल का बेटा और एक साल की बेटी है। अब तक की जांच में पता चला है कि महिला अभी भी अपने पहले पति के संपर्क में थी और वीरेंद्र भी पहली पत्नी के संपर्क में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे।
पति को छोड़ने गई थी सुतन
बताया जा रहा है कि बुधवार को वीरेंद्र की पहली पत्नी किसी काम से आई थी और एक रात रुकी थी। गुरुवार को वीरेंद्र उसे छोड़ने उसके घर भागलपुर गया था। उसके जाने के बाद नीलम ने घर में खूब हंगामा किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सरोज कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष के अनुसार इस घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नीलम के मायके वालों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।