Samachar Nama
×

अभिनेता इमरान की नागरिकता अगर विदेशी है, तो वीजा रद्द कर भारत से डिपोर्ट किया जाए : संजय निरुपम

अभिनेता इमरान की नागरिकता अगर विदेशी है, तो वीजा रद्द कर भारत से डिपोर्ट किया जाए : संजय निरुपम
अभिनेता इमरान की नागरिकता अगर विदेशी है, तो वीजा रद्द कर भारत से डिपोर्ट किया जाए : संजय निरुपम

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान के मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने से उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम ने इमरान खान की नागरिकता को लेकर सवाल खड़े किए और मांग की है कि अगर वो भारत के नागरिक नहीं हैं, तो उनका वीजा रद्द कर उन्हें डिपोर्ट किया जाना चाहिए।

फिल्म अभिनेता इमरान खान को लेकर शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा, "वो हिंदी फिल्मों के फ्लॉप एक्टर हैं, उनके पास कोई फिल्म नहीं है और कोई उन्हें देखने वाला नहीं है। ऐसे में अपने आपको खबरों में लाने के लिए और चर्चा का विषय बनने के लिए वे कॉकरोच जनता पार्टी की अपील पर एक मोर्चा प्रोटेस्ट में शामिल होने गए और मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।"

उन्होंने कहा कि बात आ रही है कि वो एक विदेशी नागरिक हैं। इसका मतलब है कि वे वीजा पर रह रहे हैं और अगर वीजा पर रहने वाला विदेशी नागरिक भारत सरकार या सरकारी प्रतिष्ठान के खिलाफ किसी भी तरह के राजनीतिक आंदोलन का हिस्सा नहीं बन सकता है लेकिन उन्होंने ऐसा किया है तो उनका वीजा रद्द करने के साथ ही उन्हें भारत से डिपोर्ट किया जाना चाहिए। मुंबई पुलिस ने तो उन्हें पहले से ही गिरफ्तार कर लिया है। हमारे साथियों ने उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है और उसके अनुसार कार्रवाई होगी।

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार का विषय सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर याचिका दायर की हुई है। ऐसे में जो भी नतीजा होगा, वो कोर्ट के फैसले के बाद तय होगा। फिर भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ वोट चोरी का फेक नैरेटिव चलाने के लिए राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और उनके साथी सड़कों पर उतरकर तथाकथित आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने तमाम विपक्षी सांसदों को चाय पर बुलाया और चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चर्चा कर रहे हैं, ये अच्छी बात है लेकिन थोड़ा समझ से काम लेना होगा। मामला अब अदालत में है, आंदोलन करने, चाय पिलाने या प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से कुछ नहीं होना वाला है।

--आईएएनएस

केके/पीएम

Share this story

Tags