Samachar Nama
×

युद्ध का असर! इंडिगो को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में हुआ 382 करोड़ रुपए का नुकसान, फ्लीट भी छोटी हुई

युद्ध का असर! इंडिगो को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में हुआ 382 करोड़ रुपए का नुकसान, फ्लीट भी छोटी हुई
युद्ध का असर! इंडिगो को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में हुआ 382 करोड़ रुपए का नुकसान, फ्लीट भी छोटी हुई

मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका-ईरान युद्ध का असर देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो पर देखने को मिला है। स्टैंडअलोन आधार पर इंडिगो को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में 382 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है, जबकि एक साल पहले समान अवधि में एयरलाइन को 2,161 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था।

वहीं, कंसोलिडेटेड आधार पर वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में एयरलाइन को 238 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में एयरलाइन को 2,176 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था।

वित्त वर्ष 27 की अप्रैल-जून अवधि में इंडिगो की कुल आय 25,614.1 करोड़ रुपए रही है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की कुल आय 21,542.6 करोड़ रुपए से 18.9 प्रतिशत अधिक है।

समीक्षा अवधि को दौरान एयरलाइन का कुल खर्च 19,231.9 करोड़ रुपए से बढ़कर 25,852.5 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि कुल खर्च में 34.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है। खर्च में बढ़ोतरी की वजह ईंधन की कीमतों में इजाफा होना है।

वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में एयरलाइन का ईंधन पर खर्च सालाना आधार पर 85.7 प्रतिशत बढ़कर 10,832.9 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल समान तिमाही में 5,832.6 करोड़ रुपए था।

वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में इंडिगो का ईबीआईटीडीएआर सालाना आधार पर 33.2 प्रतिशत घटकर 3,832.5 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि एक साल पहले समान अवधि में 5,738.6 करोड़ रुपए था। इस दौरान ईबीआईटीडीएआर मार्जिन 28.8 प्रतिशत से घटकर 16.5 प्रतिशत हो गया है।

एयरलाइन ने बताया कि 30 जून, 2026 तक उसकी फ्लीट में 432 विमान थे। वहीं, 31 मार्च, 2026 को यह आंकड़ा 441 का था, जो दिखाता है कि तिमाही आधार पर कंपनी की फ्लीट में करीब 9 विमान कम हुए हैं। फ्लीट के छोटे होने की वजह डैम्प लीज विमान की संख्या 20 से घटकर 7 होना है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags