Samachar Nama
×

‘इलाज के लिए रांची जाएं,’ राजद सांसद सुधाकर सिंह की सीएम नीतीश कुमार को सलाह

पटना, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर विपक्ष हमलावर है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने उन्हें इलाज के लिए रांची जाने की सलाह दे दी है।
‘इलाज के लिए रांची जाएं,’ राजद सांसद सुधाकर सिंह की सीएम नीतीश कुमार को सलाह

पटना, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर विपक्ष हमलावर है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने उन्हें इलाज के लिए रांची जाने की सलाह दे दी है।

राजद सांसद का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कथित हिजाब वीडियो मामले में विपक्ष के निशाने पर हैं। दूसरी ओर, बिहार में हिजाब विवाद के बाद चर्चा में आईं डॉ. नुसरत परवीन ने अब तक नौकरी ज्वाइन नहीं की है। इसे लेकर राजनीति तेज हो गई है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि वे बहुत अच्छी महिला हैं। नौकरी ज्वाइन नहीं करने का उनका फैसला बिल्कुल सही है। बिहार की सरकार में कोई काम कैसे करेगा जब जेंडर इक्वालिटी, सम्मान और अधिकार नहीं मिलेंगे? सम्मान खोकर कोई काम नहीं करता। जहां धार्मिक स्वतंत्रता बाधित होती हो, वहां काम करने की क्या जरूरत है?

सुधाकर सिंह ने सीएम नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई ऐसी घटनाएं हुई हैं। सत्ता के लोभ में भाजपा ने उन्हें बनाए रखा है। नीतीश कुमार को अपने मानसिक स्वास्थ्य के लिए रांची इलाज कराने के लिए जाना चाहिए।

उन्होंने बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति पर कहा कि जहां-जहां सांप्रदायिक ताकतें बढ़ रही हैं, वहां इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। बंगाल, बांग्लादेश, या भारत में कहीं भी यह बहुत दुखद है। धर्म के आधार पर कानून को देखने का जो चश्मा है, उससे राष्ट्र संकट में है। इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी द्वारा बेटे संतोष सुमन को नसीहत देने पर राजद सांसद ने कहा कि एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों का गठबंधन सत्ता लोभियों का जमावड़ा है। उन्होंने बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के नाम पर नहीं, बल्कि सुविधा के लिए गठबंधन हुआ है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags