Samachar Nama
×

आईआईटीएफ की सुरक्षा के लिए 3,000 पुलिसकर्मी, 1,500 सीसीटीवी से होगी निगरानी : मनजीत श्योराण

आईआईटीएफ की सुरक्षा के लिए 3,000 पुलिसकर्मी, 1,500 सीसीटीवी से होगी निगरानी : मनजीत श्योराण
आईआईटीएफ की सुरक्षा के लिए 3,000 पुलिसकर्मी, 1,500 सीसीटीवी से होगी निगरानी : मनजीत श्योराण

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस व्यापार मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे परिसर में लगभग 1,500 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। मेले के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

आईआईटीएफ के डीसीपी मनजीत श्योराण ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि हर साल आयोजित होने वाले इस मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। पुलिस ने यह आकलन किया है कि किन स्थानों पर अधिक भीड़ जुटती है, किन गेटों पर लोगों का दबाव रहता है और ट्रैफिक व पार्किंग को लेकर किस तरह की समस्याएं सामने आ सकती हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे मेला परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आईटीपीओ की अपनी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सीआईएसएफ और निजी सुरक्षा गार्डों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि सभी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर बेहतर तरीके से काम कर सकें। पुलिस का उद्देश्य किसी भी शरारती तत्व या अवांछित गतिविधि से निपटने के साथ-साथ आगंतुकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।

डीसीपी के मुताबिक, जिन स्थानों पर भीड़ एकत्र होने की आशंका है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए फेस रिकग्निशन सिस्टम और आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी हॉल, प्रवेश और निकास द्वारों सहित पूरे परिसर में कैमरे लगाए गए हैं। इससे पुलिस कम संसाधनों में भी बड़े क्षेत्र पर नजर रख सकेगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल बिजनेस डेज के दौरान भीड़ अपेक्षाकृत कम है लेकिन सार्वजनिक प्रवेश शुरू होने के बाद संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों की ओर से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त इंतजाम किए जा सकें।

मनजीत श्योराण ने मेले में आने वाले लोगों से आईटीपीओ का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐप पर प्रवेश और निकास द्वारों की जानकारी उपलब्ध है। इसे पहले से देखने पर लोगों को आने-जाने में आसानी होगी और अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और पैदल चलने में परेशानी महसूस करने वाले लोगों के लिए ई-रिक्शा और टेंपो ट्रैवलर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन वाहनों के जरिए लोगों को मेट्रो स्टेशन, गेट और परिसर के अलग-अलग हॉल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags