आईआईटी-गुवाहाटी में प्रोजेक्ट मैनेजर समेत कई पदों पर नौकरी का शानदार मौका, 12 सितंबर को इंटरव्यू
दिसपुर, 4 सितंबर (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, आईआईटी-गुवाहाटी ने अपने केमिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में एक प्रोजेक्ट के तहत कई पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आमंत्रित किए हैं।
आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से जारी रिक्तियों में डोमेन एक्सपर्ट - प्रोक्योरमेंट के 2, कंसल्टेंट का 1, प्रोजेक्ट मैनेजर का 1 और सॉफ्टवेयर क्वालिटी एश्योरेंस इंजीनियर - ऑटोमेशन और एपीआई टेस्टिंग का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें आईआईटी-गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बैचलर डिग्री होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग; योग्यताओं, संबंधित अनुभव और ऑनलाइन इंटरव्यू में उनके प्रदर्शन एवं दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 55,500 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
ऑनलाइन इंटरव्यू 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से गूगल मीट के जरिए आयोजित किए जाएंगे। वहीं, गूगल मीट का लिंक सिर्फ शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के साथ ही शेयर किया जाएगा। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से इन पदों पर नियुक्ति शुरू में 11 माह के लिए की जाएगी, जिसे 18 महीने तक या परियोजना समाप्ति तिथि तक बढ़ाया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

