आईआईटी गुवाहाटी में एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित कई पदों पर भर्ती का अवसर, 17 अगस्त तक करें आवेदन
दिसपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। आईआईटी-गुवाहाटी ने अपने इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में परियोजना के आधार पर 11 माह की अवधि के लिए विभिन्न पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से जारी रिक्तियों में एसआरएफ (डायरेक्ट)-1, एसआरएफ (डायरेक्ट)-2, एसआरएफ (डायरेक्ट)-3, एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर-1 और एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर-3 के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आईआईटी-गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट के अनुसार ईईई/ईसीई/ईई या संबंधित क्षेत्र में एमई/एमटेक; गेट/नेट के साथ बीई/बीटेक और पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 3 वर्षों का अनुभव; और थीसिस जमा करने के साथ पीएचडी होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और ऑनलाइन इंटरव्यू में कैंडिडेट्स के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित आवेदकों की सैलरी एसआरएफ पोस्ट के लिए 43,660 रुपए और एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए 49,560 रुपए प्रति माह होगी।
ऑनलाइन इंटरव्यू 20 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को 19 अगस्त को ईमेल के जरिए सूचित किया जाएगा। चयन, इंटरव्यू में उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर होगा। वहीं, कैंडिडेट्स को भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आईआईटी-गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

