Samachar Nama
×

आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी कैंपस का पहला बैच पास आउट, सभी को मिली नौकरी

आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी कैंपस का पहला बैच पास आउट, सभी को मिली नौकरी
आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी कैंपस का पहला बैच पास आउट, सभी को मिली नौकरी

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी कैंपस में छात्रों का पहला बैच पास आउट हुआ है। यहां पहले बैच के छात्रों ने अपनी पढ़ाई पूरी कर मास्टर डिग्री हासिल की है। खास बात यह है कि इस बैच के सभी छात्रों को यूएई और खाड़ी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में नौकरी भी मिल गई है। इनमें से 11 विद्यार्थी अबू धाबी की प्रमुख तेल कंपनी एडीएनओसी में काम कर रहे हैं। अबू धाबी में कैंपस के पहले दीक्षांत समारोह में भारत के केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल हुए।

इस पहली उपलब्धि के साथ आईआईटी दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय परिसर ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। पहले बैच में कुल 17 छात्र थे, जिन्होंने ऊर्जा परिवर्तन और सतत विकास विषय में एमटेक की पढ़ाई पूरी की है। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों और पर्यावरण के अनुकूल विकास के लिए जरूरी विशेषज्ञता तैयार करना है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर भी मिला। यही वजह है कि पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद सभी को ऊर्जा, सतत विकास और इंजीनियरिंग से जुड़े क्षेत्रों में काम मिला है।

शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने यूएई में आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी परिसर का दौरा भी किया। उन्होंने वहां विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की और संस्थान में चल रहे शैक्षणिक कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। जोशी ने कहा कि आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर के पहले बैच का स्नातक होना भारत और यूएई की मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। महज तीन वर्षों में संस्थान ने जो प्रगति की है, वह दोनों देशों के बीच सहयोग की ताकत दिखाती है। उन्होंने कहा कि ये विद्यार्थी अब भारत और यूएई के बीच एक मजबूत कड़ी की भूमिका निभाएंगे।

बता दें कि आईआईटी दिल्ली का अबू धाबी परिसर भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय परिसर है। इसकी स्थापना के लिए जुलाई 2023 में भारत और यूएई के बीच समझौता हुआ था। समझौते के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान मौजूद थे। इसके बाद सितंबर 2024 में अबू धाबी के युवराज और कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने परिसर का उद्घाटन किया था।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पहले बैच के विद्यार्थियों को डिग्री मिलने पर बधाई दी। समारोह में संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत दीपक मित्तल, तमीकन की अध्यक्ष रीमा अल मुक़र्रब अल मुहैरी, आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी, आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर शांतनु रॉय सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक, विद्यार्थी और उनके परिजन मौजूद रहे। संस्थान में ऊर्जा परिवर्तन, कंप्यूटर विज्ञान, एआई, रासायनिक इंजीनियरिंग और विद्युत इंजीनियरिंग जैसे विषयों में पढ़ाई और शोध हो रहा है।

यहां उद्योग जगत की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। एडीएनओसी जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ सहयोग के अलावा यूएई और दूसरे देशों के विश्वविद्यालयों तथा शोध संस्थानों के साथ भी साझेदारी की गई है। आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी ने कहा कि पहला बैच संस्थान की दशकों पुरानी शैक्षणिक गुणवत्ता और भारत-यूएई साझेदारी की ताकत को दर्शाता है। अबू धाबी परिसर के माध्यम से आईआईटी दिल्ली की शिक्षा और शैक्षणिक संस्कृति को एक नए अंतरराष्ट्रीय माहौल में आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। इससे दोनों देशों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के लिए नए रास्ते खुले हैं।

वहीं, आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर शांतनु रॉय ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। पहले बैच के विद्यार्थियों ने अच्छा उदाहरण पेश किया है। उन्हें उम्मीद है कि ये विद्यार्थी उद्योग, शोध और अपने पेशेवर जीवन में उल्लेखनीय योगदान देंगे। पहले बैच के ये विद्यार्थी अब आईआईटी दिल्ली के 65 हजार से अधिक पूर्व विद्यार्थियों के वैश्विक समूह का हिस्सा बन गए हैं।

इस समूह में कारोबार, विज्ञान, उद्यमिता और सार्वजनिक सेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़े पेशेवर और विशेषज्ञ शामिल हैं। आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी कैंपस में फिलहाल करीब 300 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। ये 13 अलग-अलग देशों से आते हैं। संस्थान में कुल छह शैक्षणिक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें चार यूजी, एक पीजी और एक शोध उपाधि कार्यक्रम शामिल है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story