Samachar Nama
×

IIT बॉम्बे स्टूडेंट सुसाइड केस: खौफनाक कदम उठाने से पहले साहिल ने महिला दोस्त से कही थी यह बात, कॉल डिटेल से खुला राज

IIT बॉम्बे स्टूडेंट सुसाइड केस: खौफनाक कदम उठाने से पहले साहिल ने महिला दोस्त से कही थी यह बात, कॉल डिटेल से खुला राज

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में अब एक नया खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड करने से कुछ घंटे पहले साहिल ने अपनी एक महिला दोस्त से फोन पर बात की थी। बताया जा रहा है कि यह साहिल की आखिरी बातचीत थी। इस बातचीत के दौरान उसने अपने पेपर को लेकर बात की और कथित तौर पर कहा, “मुझसे गलती हो गई, मेरा पेपर भी अच्छा नहीं गया।”

जानकारी के मुताबिक, साहिल ने 18 सितंबर को अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी थी। मौत से पहले दोपहर करीब 2:30 बजे उसने अपनी महिला दोस्त से फोन पर बातचीत की थी। सूत्रों का दावा है कि इस आखिरी बातचीत में साहिल ने जातिगत भेदभाव का कोई जिक्र नहीं किया था।

क्या हुई थी साहिल की आखिरी बातचीत?

बताया जा रहा है कि साहिल और उसकी महिला दोस्त के बीच बातचीत सेमेस्टर परीक्षा में हुए एक मामले को लेकर हुई थी। साहिल ने अपने पेपर का जिक्र करते हुए कहा था कि उससे गलती हो गई और उसका पेपर भी अच्छा नहीं गया।

साहिल की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी यह महिला दोस्त भी सदमे में चली गई। सूत्रों के अनुसार, खबर सुनने के बाद उसे पैनिक अटैक आया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने इस महिला का बयान भी दर्ज किया है।

परीक्षा के दौरान ChatGPT इस्तेमाल करने का आरोप

पूरा मामला उस समय और गंभीर हो गया था, जब साहिल को सुसाइड से कुछ घंटे पहले सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए ChatGPT का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने की बात सामने आई थी।

इसके बाद 18 सितंबर की शाम पवई कैंपस स्थित हॉस्टल के कमरे में साहिल का शव फंदे से लटका मिला था।

प्रोफेसर पर क्या आरोप हैं?

साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला को छुट्टी पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। उनके खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। आरोप लगाया गया है कि प्रोफेसर ने साहिल को जाति के आधार पर प्रताड़ित किया था। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

जांच के लिए हाईलेवल कमेटी गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को जांच के लिए 10 सदस्यों वाली एक हाईलेवल कमेटी गठित की गई है। वहीं, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच पहले से ही साहिल की मौत के मामले की जांच कर रही है।

अब जांच एजेंसियां साहिल की आखिरी बातचीत, परीक्षा के दौरान हुई घटना, उसके बाद की परिस्थितियों और उस पर लगाए गए अन्य आरोपों समेत पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देख रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साहिल की मौत से पहले वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं।

Share this story

Tags