आईजीआईएमएस पटना में जूनियर रेजिडेंट के 18 पद खाली, इस दिन होगा इंटरव्यू
पटना, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना ने अलग-अलग विभाग में जूनियर रेजिडेंट (गैर-शैक्षणिक) के कुल 18 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज पटना की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन नीट-पीजी स्कोर के आधार पर मेरिट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, वॉक-इन इंटरव्यू और रिक्तियों के अनुसार विभाग का आवंटन के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 रुपए प्रतिमाह होगी।
वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस (इंटर्नशिप सहित) या एनएमसी द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ नीट-पीजी 2025 में उपस्थित हुए उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो 250 रुपए तय किया गया है। वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 6 मई को आईजीआईएमएस, पटना के मुख्य सभागार में सुबह 11.30 बजे से किया जाएगा। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से पते पर पहुंचने के साथ अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स और रजिस्ट्रेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईजीआईएमएस-पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के दिए केंद्र पर याद से साथ ले जाएं।
आईजीआईएमएस-पटना के मुख्य सभागार में इंटरव्यू से पहले उसी दिन कैंडिडेट्स के डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन भी किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

