Samachar Nama
×

आईजीसीएआर भर्ती अलर्ट : 50 जूनियर रिसर्च फेलो पदों पर आवेदन शुरू, 13 जुलाई अंतिम तिथि

आईजीसीएआर भर्ती अलर्ट : 50 जूनियर रिसर्च फेलो पदों पर आवेदन शुरू, 13 जुलाई अंतिम तिथि
आईजीसीएआर भर्ती अलर्ट : 50 जूनियर रिसर्च फेलो पदों पर आवेदन शुरू, 13 जुलाई अंतिम तिथि

चेन्नई, 27 जून (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (आईजीसीएआर), कल्पक्कम ने जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के कुल 50 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

आईजीसीएआर की ओर से 50 जेआरएफ पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 जून की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई तक है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईजीसीएआर के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार एमएससी/बीएस-एमएस (डुअल डिग्री) या बीई/बीटेक या एमई/एमईटेक या बीएससी इंजीनियरिंग/बीएससी (टेकनोलॉजी) में ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन दोनों स्तर पर कम से कम 55 प्रतिशत कुल अंक प्राप्त होने चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच, एकेडमिक रिकॉर्ड/इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट)/संयुक्त प्रवेश स्क्रीनिंग परीक्षा (जेईएसटी) स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, स्क्रीनिंग टेस्ट और इंटरव्यू या सीधा इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी 25,000 से 37,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को 30,000 रुपए एक बार बुक अलाउंस के तौर पर दिए जाएंगे।

स्क्रीनिंग टेस्ट 2 अगस्त को चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, भुवनेश्वर और हैदराबाद में निर्धारित पते पर आयोजित होने की संभावना है। वहीं, स्क्रीनिंग टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों का इंटरव्यू अगस्त 2026 के तीसरे हफ्ते से कल्पक्कम में होने की संभावना है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आईजीसीएआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags