इफ्तार मामले में शिकायत करने वाले नेता रजत जायसवाल को मिली जान से मारने की धमकी
बनारस, 20 मार्च (आईएएनएस)। गंगा नदी में इफ्तार पार्टी को लेकर शिकायत करने वाले भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। यह धमकियां इंटरनेशनल कॉल और ईमेल के जरिए दी जा रही हैं।
रजत जायसवाल ने इस मामले में वाराणसी के सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब इन धमकियों की गंभीरता से जांच कर रही है और अंतरराष्ट्रीय नंबरों और ईमेल आईडी को ट्रेस करने में जुटी है।
बता दें कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें गंगा के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी आयोजित की जा रही थी। इस दौरान चिकन बिरयानी के अवशेष गंगा में फेंके जाने की शिकायत भी सामने आई थी। इस मामले को लेकर रजत जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मदनपुरा इलाके के 14 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
रजत जायसवाल ने आईएएनएस से बताया कि उन्हें पहले एक कॉल आया, जिसमें सामने वाला व्यक्ति पाकिस्तानी पंजाबी भाषा में बात कर रहा था। इसके बाद उन्हें ईमेल के जरिए भी धमकी दी गई।
उन्होंने कहा कि 25-30 लोग उनसे बहस करना चाहते हैं और उन्हें एक जगह बुलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इस पूरी जानकारी को उन्होंने डीसीपी काशी जोन 3 गौरव बंसवाल को सौंप दिया है और सिगरा थाने में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। रजत ने कहा कि प्रशासन उनका पूरा सहयोग कर रहा है और पुलिस लगातार मामले की जांच में लगी है।
रजत जायसवाल ने आगे कहा कि उन्हें विशेष समुदाय के द्वारा गाली दी जा रही है और मारने की धमकी दी जा रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

