Samachar Nama
×

आईएफएल 2025-26: चानमारी एफसी के खिलाफ राजस्थान यूनाइटेड की 2-0 से जीत

जयपुर, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में बुधवार को राजस्थान यूनाइटेड ने चानमारी एफसी को 2-0 से मात दी। इस मुकाबले में नाओबा मेइतेई और अमादौ सोउकोना ने दूसरे हाफ में एक-एक गोल दागे।
आईएफएल 2025-26: चानमारी एफसी के खिलाफ राजस्थान यूनाइटेड की 2-0 से जीत

जयपुर, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में बुधवार को राजस्थान यूनाइटेड ने चानमारी एफसी को 2-0 से मात दी। इस मुकाबले में नाओबा मेइतेई और अमादौ सोउकोना ने दूसरे हाफ में एक-एक गोल दागे।

जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत के साथ 'डेजर्ट वॉरियर्स' छह मैचों में 11 अंकों के साथ फिलहाल लीग टेबल में शीर्ष पर पहुंच गए हैं, जबकि चानमारी एफसी उतने ही मैचों में पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर बनी रही। अमादौ सोउकोना को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

मैच के शुरुआती चरणों में मेहमान टीम ने आक्रमण करने का अधिक इरादा दिखाया। केसी मालसॉमसांगा और जोटा ने अपनी गति का इस्तेमाल करते हुए फ्लैंक से खेल को आगे बढ़ाया। दूसरी ओर, राजस्थान ने छोटे-छोटे पास के जरिए गेम को बनाने की कोशिश की, और कभी-कभी लंबे पास भी दिए जिनका लक्ष्य अमादौ सोउकोना थे।

मेजबान टीम के लिए गोल करने का सबसे अच्छा मौका पहले हाफ के बीच में आया, जब दाईं ओर से आए एक क्रॉस पर थोम्यो शिमरेई ने शॉट लगाया, लेकिन वह लक्ष्य से काफी दूर चला गया। इस बीच, चानमारी के स्ट्राइकर सुआंगाइहमुआना मालसॉमसांगा के क्रॉस पर जोटा के शुरुआती संपर्क के बाद हेडर से गोलकीपर को परेशान करने लायक पर्याप्त ताकत नहीं लगा पाए।

भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में गोल करने के स्पष्ट मौके बनाना मुश्किल हो रहा था। दोनों टीमें हाफ-टाइम तक बराबरी के स्कोर पर रहीं।

विक्रांत शर्मा ने हाफ-टाइम के बाद नाओबा मेइतेई को मैदान में उतारा, और राजस्थान यूनाइटेड के लिए यह बदलाव खेल दोबारा शुरू होने के सात मिनट के भीतर ही रंग ले आया। विंगर ने बॉक्स के किनारे पर गेंद उठाई, डेगेलमैन को ड्रिबल करते हुए पीछाड़ा, और एक तीखे एंगल से गोलकीपर को छकाते हुए शानदार फिनिश दिया, जिससे उनकी टीम को बढ़त मिल गई।

आठ मिनट बाद, घरेलू टीम ने अमादौ सौकोना के एक जबरदस्त लॉन्ग-रेंज शॉट से अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। मिडफील्ड में गेंद वापस जीतने के बाद, गौतम विरवानी ने स्ट्राइकर को एक सीधा फॉरवर्ड पास दिया। स्ट्राइकर ने दूर से एक जोरदार शॉट लगाया और गोलकीपर को छका दिया।

दो गोल की बढ़त लेने के बाद राजस्थान यूनाइटेड ने अपनी डिफेंस को मजबूत कर लिया, और चानमारी एफसी को अपने हाफ में आगे बढ़ने का न्योता दिया। मेहमान टीम ने मौके तलाशने में तेजी दिखाई, लेकिन उनके आखिरी पास और फिनिशिंग में वह क्वालिटी नहीं थी जो गोलकीपर और डिफेंस को परेशान कर सके। इस तरह घरेलू टीम अपने मैदान पर अजेय बनी रही।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags