Samachar Nama
×

आईएफएफआई से मेरा बहुत पुराना नाता है, मधुर भंडारकर ने बताया दिल्ली से गोवा तक का सफर

आईएफएफआई से मेरा बहुत पुराना नाता है, मधुर भंडारकर ने बताया दिल्ली से गोवा तक का सफर
आईएफएफआई से मेरा बहुत पुराना नाता है, मधुर भंडारकर ने बताया दिल्ली से गोवा तक का सफर

पणजी, 14 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा में 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई 2026) का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन से पहले इंडियन पैनोरमा के चेयरमैन मधुर भंडारकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आईएफएफआई से उनका बहुत पुराना नाता रहा है।

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "बहुत अच्छा लगता है, खासकर जब आप इंडियन पैनोरमा के चेयरमैंन हों। आईएफएफआई में मैं बहुत सालों से आ रहा हूं। मुझे याद है 2002 से जब ये कार्यक्रम दिल्ली के चांदी बाघ में हुआ करता था, तब से मैं यहां आ रहा हूं और जब से ये गोवा शिफ्ट हुआ है, तब से मुझे इसकी सेवा करने का अवसर मिला है, कभी संचालन समिति तो कभी चेयरमैनशिप में।"

उन्होंने कहा कि आईएफएफआई एक ऐसा इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म है, जहां अलग-अलग तरह की इंटरनेशनल फिल्में देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय और देश के अलग-अलग प्रांतों की फिल्में देखने को मिलती हैं। यह एक ऐसा मंच है, जहां पर फिल्म इंडस्ट्री को अलग-अलग विषय की फिल्में देखने को मिलती है। साथ ही, अलग-अलग मेकर्स और कलाकारों के साथ कनेक्ट होते हैं।"

उन्होंने कहा, "जब इंटरनेश्नल फिल्म की बात होती है, तो हमें कई ऐसी फिल्में देखने को मिलती हैं, जिसे देखकर लगता है कि कम बजट में भी इस तरह की शानदार फिल्में हो सकती हैं, तो ये सभी देखने को मिलता है। मैं खुश हूं कि इस साल भी मुझे आईएफएफआई में पैनोरमा के चेयरमैन के तौर पर सेवा देना का मौका मिला है, तो बहुत अच्छा लगता है।

उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि गोवा एक ऐसी जगह है, जहां इंटरनेशनल कार्यक्रम होते हैं।"

बता दें कि इस साल 57वां आईएफएफआई 20 नवंबर से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में 86 देशों की 159 अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों और 18 भाषाओं में बनी 76 भारतीय फिल्मों सहित कुल 235 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार के ब्रिक्स सेगमेंट की शुरुआत रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की स्क्रीनिंग के साथ होगी। महोत्सव में 7,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने अपना पंजीकरण कराया है।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story