छात्रों पर कार्रवाई रुकी नहीं तो फिर शुरू होगा आंदोलन, वीडियो में जाने CJP ने सरकार को दी चेतावनी; कपिल सिब्बल भी रहे मौजूद
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि अगर प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रोकी गई और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं दी गई, तो पार्टी दोबारा देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। सोमवार को दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलन स्थगित करने के दौरान किए गए समझौते का उल्लंघन किया है।
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद छात्रों पर कार्रवाई जारी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल भी मौजूद थे। कपिल सिब्बल ने कहा कि उनका इस मामले में मुख्य भूमिका पार्टी के कानूनी मामलों में सहयोग करने की है। उन्होंने कहा कि छात्रों और प्रदर्शनकारियों से जुड़े मामलों में कानून के स्तर पर हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्रों की शिकायतों के लिए लॉन्च किया पोर्टल
CJP ने बताया कि पार्टी ने एक विशेष पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से पीड़ित छात्र अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। छात्र इस पोर्टल पर अपने केस से जुड़ी जानकारी, दस्तावेज और वीडियो भी साझा कर सकेंगे। पार्टी का कहना है कि इस माध्यम से छात्रों के खिलाफ हुई कथित कार्रवाई का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे पहले सोमवार को CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया था कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि आंदोलन को स्थगित करने के दौरान सरकार ने अलग भरोसा दिलाया था।
सरकार पर वादा तोड़ने का आरोप
CJP का कहना है कि उसने केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद अपना देशव्यापी आंदोलन कुछ समय के लिए स्थगित किया था। पार्टी के मुताबिक, सरकार ने भरोसा दिलाया था कि आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र या प्रदर्शनकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि अगर सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह देश के लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
फिर आंदोलन की तैयारी का संकेत
CJP ने साफ किया कि अगर गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं दी गई और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा, तो पार्टी दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्रों को न्याय दिलाना और उनके खिलाफ कथित गलत कार्रवाई को रोकना है।
फिलहाल सरकार की ओर से CJP के इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, छात्र संगठनों और राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।

