बच्चे ऑनलाइन गेम खेल रहे हैं तो रहें सावधान, वीडियो में जाने एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
ऑनलाइन गेम अब बच्चों को व्यस्त रखने का सिर्फ जरिया नहीं रह गया है। गेम खेलते समय अनजाने में की गई एक क्लिक या अनुमति माता-पिता के बैंक खाते पर भारी पड़ सकती है। साइबर ठग बच्चों को ऑनलाइन गेम में फ्री कॉइन, रिवॉर्ड, गेम अपडेट या कम कीमत में खास सुविधा देने का लालच देकर ऐसे लिंक भेज रहे हैं, जिनके जरिए वे भुगतान से जुड़ी जानकारी या अनुमति हासिल करने की कोशिश करते हैं। रायपुर में इस तरह के मामलों को लेकर साइबर सेल में छह लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। इनमें एन. कुमार, अनीश वर्मा और विकास कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक बच्चों के गेम खेलने के दौरान उनके बैंक खातों से अनजान रकम कट गई।
फ्री कॉइन और रिवॉर्ड का देते हैं लालच
साइबर ठग गेम खेलने वाले बच्चों को फ्री कॉइन, रिवॉर्ड, गेम अपडेट या किसी खास सुविधा को कम कीमत पर उपलब्ध कराने के नाम पर लिंक भेजते हैं। बच्चा इन ऑफर्स को असली समझकर लिंक खोल देता है। इसके बाद गेम डाउनलोड करने, अपडेट करने या किसी फीचर को सक्रिय करने के नाम पर कई तरह की अनुमतियां मांगी जाती हैं।कई बार बच्चे बिना पूरी जानकारी के इन अनुमतियों को स्वीकार कर देते हैं। यदि फोन में सेव पेमेंट की सुविधा, ऑटो-पे या ई-मैंडेट पहले से सक्रिय है, तो अनजाने में भुगतान होने का खतरा बढ़ जाता है।
सिर्फ गेमिंग ऐप अनइंस्टॉल करना काफी नहीं
साइबर सुरक्षा से जुड़े मामलों में सबसे जरूरी बात यह है कि बैंक खाते से अनजान रकम कटने के बाद केवल गेमिंग ऐप को अनइंस्टॉल करना पर्याप्त नहीं है। सबसे पहले बैंक स्टेटमेंट में यह देखना चाहिए कि रकम किस माध्यम से और किस खाते या सेवा के जरिए काटी गई है।इसके बाद गेमिंग अकाउंट और UPI ऐप में सक्रिय भुगतान व्यवस्था की जांच करनी चाहिए। यदि कोई अनजान ऑटो-पे, ई-मैंडेट या दूसरी भुगतान अनुमति दिखाई देती है तो उसे तुरंत बंद करना जरूरी है।
अनजान APK से रहें सावधान
कई बार बच्चे आधिकारिक ऐप स्टोर के बजाय किसी अनजान वेबसाइट या लिंक से APK फाइल डाउनलोड कर लेते हैं। ऐसी फाइलें फोन के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। यदि किसी संदिग्ध लिंक या अनजान APK के जरिए गेम डाउनलोड किया गया है तो उसे केवल डिलीट करने के बजाय विशेषज्ञ की मदद लेना बेहतर है।अभिभावकों को बच्चों के मोबाइल में गेम डाउनलोड करने और भुगतान से जुड़ी अनुमतियों पर नजर रखनी चाहिए। बच्चों को भी समझाना जरूरी है कि गेम में फ्री कॉइन, रिवॉर्ड या डिस्काउंट के नाम पर आने वाले किसी अनजान लिंक को न खोलें और किसी भी तरह की अनुमति देने से पहले माता-पिता से पूछें।

