आईडीबीआई बैंक में नौकरी का अवसर, स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 33 पदों पर आज से आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (आईडीबीआई) बैंक लिमिटेड ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (एसओ) के विभिन्न 33 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
आईडीबीआई बैंक लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 8 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आईडीबीआई ने जिन 33 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएस) ग्रेड-डी के 5, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएस) ग्रेड-सी के 11, मैनेजर ग्रेड-बी के 9 और जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (सिक्योरिटी ऑफिसर) ग्रेड-ओ के 8 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार आईटी/कंप्यूटर विज्ञान/इलेक्ट्रॉनिक्स/डेटा/एआई/संबंधित क्षेत्रों में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या जेसीओ सेवा के साथ बारहवीं/डिप्लोमा होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और अनुभव का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 25 साल और अधिकतम आयु 50 साल निर्धारित के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य कैंडिडेट्स का चयन शॉर्टलिस्टिंग, परीक्षा/इंटरव्यू, मेडिकल फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सेलरी पद अनुसार 64,820 से 1,02,300 रुपए के बीच प्रति महीने होगी। वहीं, जूनियर असिस्टेंट मैनेजर की वार्षिक सीटीसी 6.14 लाख से 6.50 लाख रुपये के बीच होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 1,050 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 250 रुपए के साथ लागू जीएसटी है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईडीबीआई बैंक लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

