Samachar Nama
×

आईसीएसआईएल में कंसल्टेंट के 15 पदों पर निकली भर्ती, 14 और 15 अक्टूबर को वॉक-इन-इंटरव्यू

आईसीएसआईएल में कंसल्टेंट के 15 पदों पर निकली भर्ती, 14 और 15 अक्टूबर को वॉक-इन-इंटरव्यू
आईसीएसआईएल में कंसल्टेंट के 15 पदों पर निकली भर्ती, 14 और 15 अक्टूबर को वॉक-इन-इंटरव्यू

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड (आईसीएसआईएल) ने नेशनल डेंटल कमीशन (एनडीसी), दिल्ली में पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट/आउटसोर्स आधार पर सलाहकार (कंसल्टेंट) के विभिन्न 15 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की तैनाती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है।

आईसीएसआईएल की ओर से जारी 15 रिक्तियों में कंसल्टेंट के 10, हिंदी कंसल्टेंट का 1, सीनियर कंसल्टेंट-लीगल के 2 और सीनियर कंसल्टेंट-आईटी के 2 पद शामिल हैं।

कंसल्टेंट के इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू/बातचीत, दस्तावेजों की जांच और योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, पद के आधार पर पर्सनल इंटरव्यू/स्किल टेस्ट या लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी कंसल्टेंट और हिंदी कंसल्टेंट के लिए 50,000 रुपए एवं सीनियर कंसल्टेंट-लीगल और सीनियर कंसल्टेंट-आईटी के लिए 70,000 रुपए प्रति माह होगी।

वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कंसल्टेंट के लिए ग्रेजुएशन और उससे ऊपर की योग्यता, हिंदी कंसल्टेंट के लिए हिंदी में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, सीनियर कंसल्टेंट-लीगल के लिए एलएलबी और सीनियर कंसल्टेंट-आईटी के लिए कंप्यूटर में पीजी डिग्री होनी चाहिए।

इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास सभी पदों के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम तीन वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है। वहीं, आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है।

वॉक-इन-इंटरव्यू कंसल्टेंट और हिंदी कंसल्टेंट के लिए 14 अक्टूबर को एवं सीनियर कंसल्टेंट - लीगल और सीनियर कंसल्टेंट - आईटी के लिए 15 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर के 12:30 बजे तक 'नेशनल डेंटल कमीशन (एनडीसी), प्लॉट-14, सेक्टर-9, राम कृष्ण पुरम, नई दिल्ली-110022' पते पर आयोजित किए जाएंगे।

ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाना होगा।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे वॉक-इन-इंटरव्यू से एक दिन पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) फीस का भुगतान कर दें। ऐसा न करने पर, ओटीआर फीस के देर से मिलने या अपडेट होने के लिए आईसीएसआईएल जिम्मेदार नहीं होगा। वहीं, सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों को तय शेड्यूल के अनुसार वॉक-इन इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जिन्होंने आईसीएसआईएल की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है और 590 रुपए (नॉन-रिफंडेबल) की वन-टाइम रजिस्ट्रेशन फीस जमा की है।

इसी के साथ कैंडिडेट्स के लिए वॉक-इन इंटरव्यू के समय 590 रुपए की वन-टाइम रजिस्ट्रेशन फीस के पेमेंट से जुड़ी जानकारी भी लाना जरूरी है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story