आईसीएसआई भर्ती: एक्जीक्यूटिव असिस्टेंट के 20 पदों पर आवेदन के लिए कुछ दिन बाकी, जानें अप्लाई करने की अंतिम तिथि
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसर, आईसीएसआई ने नई दिल्ली/नोएडा स्थित अपने मुख्यालय, सीसीजीआरटी (मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और मानेसर), क्षेत्रीय कार्यालयों (नई दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई) और चैप्टर कार्यालयों में कार्यकारी सहेयक (एक्जीक्यूटिव असिस्टेंट) के कुल 20 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त तय की गई है।
एक्जीक्यूटिव असिस्टेंट के 20 पदों में अनारक्षित के 8, ईडब्ल्यूएस के 2, ओबीसी के 5, एससी के 3 और एसटी के 2 पद हैं। इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त तय की गई है। ऐसे में कार्यकारी सहेयक पद पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कॉमर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 3 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑब्जेक्टिव टाइप लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीबीसी पे मैट्रिक्स के अनुसार, पे लेवल 4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैंडिडेट्स को भर्ती, चयन प्रक्रिया, योग्यता आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आईसीएसआई की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

