आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ: लौरा वोल्वार्ड्ट ने महिला और नाहिद राणा ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता
दुबई, 14 मई (आईएएनएस)। आईसीसी ने अप्रैल महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के नाम की घोषणा कर दी है। पुरुषों की श्रेणी में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा, तो महिलाओं की श्रेणी में यह पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने जीता है।
नाहिद राणा ने पहली बार यह पुरस्कार जीता है। राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में बांग्लादेश को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस युवा तेज गेंदबाज ने 4.46 की इकॉनमी रेट से आठ विकेट लिए थे और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब जीता था। राणा ने सीरीज के दूसरे मैच में 32 रन देकर 5 विकेट लिए थे और बांग्लादेश को 55 रनों से जीत दिलायी थी।
राणा ने ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह और यूएई के तेज गेंदबाज अजय कुमार को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान जीता।
अप्रैल महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने के बाद राणा ने कहा, "न्यूजीलैंड जैसी विश्व-स्तरीय टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के बाद आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना एक बहुत अच्छा एहसास है। अपनी घरेलू जमीन पर ऐसा प्रदर्शन करना इस सीरीज को और भी खास बनाता है, और यह एक ऐसी सीरीज है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। मैं अपने साथियों का आभारी हूं जिन्होंने पूरी सीरीज के दौरान मेरा लगातार साथ दिया और मुझ पर भरोसा रखा। मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी टीम के लिए और भी जीत और यादगार पलों में योगदान देता रहूंगा।"
महिलाओं की श्रेणी में अप्रैल महीने के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने जीता है। वोल्वार्ड्ट ने तीसरी बार यह पुरस्कार जीता है। साल 2025 के अक्टूबर और दिसंबर में भी उन्होंने प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीता था।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान ने न्यूजीलैंड और भारत की महिला टीमों के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के दौरान सभी फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे में 69-69 रनों की पारियां खेलीं, और फिर भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए था। दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 4-1 से जीती थी।
वोल्वार्ड्ट ने श्रीलंका की बल्लेबाज इमेषा दुलानी और ब्राजील की ऑलराउंडर लॉरा कार्डोसो को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता।
सम्मान पाने के बाद वोल्वार्ड्ट ने कहा, "इतने कम समय में तीसरा आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतना बहुत शानदार है। मुझे उम्मीद है कि मैं इसी आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ बल्लेबाजी करती रहूंगी। यह मेरे करियर के सबसे सुखद दौर में से एक रहा है। सभी फॉर्मेट में सफलता हासिल करना विशेष रूप से संतोषजनक है। यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि यह मौजूदा वनडे और टी20 विश्व कप चैंपियन टीमों के खिलाफ आया है।"
--आईएएनएस
पीएके

