Samachar Nama
×

आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ: शुभमन गिल-मोसाद्देक हुसैन को पछाड़कर नाथन स्मिथ ने जीता जून माह का खिताब

आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ: शुभमन गिल-मोसाद्देक हुसैन को पछाड़कर नाथन स्मिथ ने जीता जून माह का खिताब
आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ: शुभमन गिल-मोसाद्देक हुसैन को पछाड़कर नाथन स्मिथ ने जीता जून माह का खिताब

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ 'जून 2026' के लिए 'आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' चुने गए हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। कीवी खिलाड़ी ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेशी ऑलराउंडर मोसाद्देक हुसैन जैसे दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है।

27 वर्षीय स्मिथ ने इंग्लैंड में खेली गई 3 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 23 की औसत से सर्वाधिक 16 विकेट चटकाए थे। न्यूजीलैंड के कई मुख्य तेज गेंदबाजों के चोट के कारण बाहर होने के बाद स्मिथ ने जिम्मेदारी संभालते हुए दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया।

नाथन स्मिथ ने सोमवार को 'आईसीसी' के एक बयान में कहा, "यह वाकई बहुत खास है। टीम के लिए इंग्लैंड का दौरा शानदार रहा और यह बहुत अच्छी बात है। मैं आमतौर पर व्यक्तिगत अवॉर्ड के लिए नहीं खेलता, लेकिन यह पहचान मिलना अच्छा लगता है और इससे भी जरूरी बात यह है कि मैंने सीरीज जीतने में योगदान दिया। व्यक्तिगत रूप से, जीत में योगदान देना बहुत संतोषजनक रहा। न्यूजीलैंड के लिए मैं बस यही करना चाहता हूं- पूरी कोशिश करना और जिस भी तरह से हो सके, योगदान देना। दुर्भाग्य से, सीरीज के दौरान कुछ खिलाड़ी चोटिल हो गए थे, इसलिए मुझे आगे आकर नई गेंद से बॉलिंग की शुरुआत करनी पड़ी। मैंने घरेलू क्रिकेट में और पहले न्यूजीलैंड के लिए भी ऐसा किया है, लेकिन जिम्मेदारी उठाना और नई गेंद से कुछ ओवर फेंकना अच्छा लगा।"

नाथन स्मिथ का सबसे शानदार प्रदर्शन लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में रहा, जहां उन्होंने दूसरी पारी में 70 रन देकर 6 विकेट लिए और मेजबान टीम की कमर तोड़ दी। उन्होंने इस यादगार मैच में कुल नौ विकेट लिए थे। दूसरे मैच में स्मिथ ने 1 विकेट निकालने के अलावा, 38 रन की पारी भी खेली।

सीरीज के निर्णायक मैच में स्मिथ ने पहली पारी में 91 रन देकर 4 विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड को 82 रनों की अहम बढ़त मिली। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में दो और विकेट लिए और मेहमान टीम को यादगार सीरीज जीत दिलाई।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story