आईसीएआई में एक्जीक्यूटिव ऑफिसर समेत 109 पदों पर बंपर वैकेंसी, आज से आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करने का होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने एक्जीक्यूटिव ऑफिसर सहित कुल 109 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
भारतीय चार्टर्ड लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया बुधवार 1 अप्रैल से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आईसीएआई ने जिन 109 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें एक्जीक्यूटिव ऑफिसर के 108 और डायरेक्टर लीगल का एक पद शामिल हैं। वहीं, एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिववर्सिटी से संबंधित पद अनुसार लॉ में बैचलर की डिग्री/चार्टर्ड अकाउंटेंट्स/कंपनी सेक्रेचरी/बीई/बीटेक(सिविल) या बीआर्क/बीटेक (सीएस/आईटी)/अर्थशास्त्र या सतत विकास में पीएचडी होनी चाहिए। इसके साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना जरूरी है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 25 से 55 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 28 फरवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 56,100 से 2,24,400 रुपए के बीच प्रति महीने होगी। इसी के साथ उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो 500 रुपए तय किया गया है। ध्यान दें, एप्लीकेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके रजिस्ट्रेशन फॉर्म को स्वीकार किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए सक्रिए एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

