IAS अधिकारी ने वर्चुअल मीटिंग में महिला अफसर को दी गाली, सस्पेंड करने और नौकरी से निकालने की धमकी; वीडियो वायरल
जम्मू-कश्मीर में एक वरिष्ठ IAS अधिकारी का महिला अधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में IAS अधिकारी कुमार राजीव रंजन वर्चुअल मीटिंग के दौरान महिला अधिकारी बेनिश वानी पर चिल्लाते, उन्हें बार-बार चुप रहने के लिए कहते और निलंबित करने के साथ नौकरी से निकालने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। यह घटना मिशन युवा की समीक्षा बैठक के दौरान हुई, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की भूमिका पर चर्चा की जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों के व्यवहार और सरकारी बैठकों में कार्यस्थल पर सम्मानजनक संवाद को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मीटिंग में महिला अधिकारी को बार-बार रोका
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कुमार राजीव रंजन जम्मू-कश्मीर के श्रम एवं रोजगार विभाग में सचिव के पद पर तैनात थे। बैठक में मिशन युवा की प्रगति और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की भूमिका पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान रंजन और बेनिश वानी के बीच बहस शुरू हो गई।वीडियो में रंजन महिला अधिकारी को अपनी बात रखने से बार-बार रोकते और चुप रहने के लिए कहते सुनाई देते हैं। जब बेनिश वानी ने उनके बोलने के तरीके और भाषा पर सवाल उठाया, तो बहस और तेज हो गई।
'मैं तुम्हारा बॉस हूं, बेवकूफ'
वीडियो में कुमार राजीव रंजन को महिला अधिकारी के प्रति अपमाजनक भाषा का इस्तेमाल करते सुना जा सकता है। उन्होंने कथित तौर पर कहा, "तुम बहुत घटिया हो, मैं तुमसे ऐसे ही बात कर सकता हूं।" इसके बाद उन्होंने कहा, "मैं तुम्हारा बॉस हूं, बेवकूफ।"इस पर बेनिश वानी ने विरोध जताते हुए कहा कि वह उनसे इस तरह बात नहीं कर सकते। बहस बढ़ने पर महिला अधिकारी भी नाराजगी जाहिर करती सुनाई दीं और उन्होंने जवाब में कहा, "तुम भाड़ में जाओ।"बैठक में हुई इस तीखी बहस का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से इस घटना पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।
निलंबन का आदेश तैयार करने को कहा
वीडियो के मुताबिक, बहस के दौरान कुमार राजीव रंजन ने अपने कार्यालय के अधिकारियों से बेनिश वानी के निलंबन का आदेश तैयार करने को कहा। उन्होंने महिला अधिकारी पर काम में अपेक्षित नतीजे नहीं देने का आरोप भी लगाया।इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कामकाज के दौरान होने वाले विवाद और वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज कर दी है। किसी अधिकारी के कामकाज पर सवाल उठाना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है, लेकिन ऐसी परिस्थितियों में भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
कौन हैं बेनिश वानी?
बेनिश वानी वर्ष 2015 बैच की जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (JKAS) की अधिकारी हैं। वह सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करती हैं। मिशन युवा की समीक्षा बैठक में उनकी भूमिका और कामकाज को लेकर ही कुमार राजीव रंजन ने सवाल उठाए थे।फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा जारी है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इस विवाद पर क्या स्पष्टीकरण देते हैं और क्या मामले में किसी तरह की विभागीय जांच या आधिकारिक कार्रवाई की जाती है।

