‘मैं भगोड़ा नहीं हूं’, ललित मोदी का बड़ा बयान; वीडियो में बोले- भारत सरकार से पंगा लेने का कोई इरादा नहीं
आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने खुद को भगोड़ा कहे जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह शब्द उनके लिए मीडिया द्वारा इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ आज तक कोई ऐसा मामला साबित नहीं हुआ है, जिसके आधार पर उन्हें भगोड़ा कहा जा सके।न्यूज एजेंसी ANI को गुरुवार को दिए एक इंटरव्यू में ललित मोदी ने कहा कि वह किसी से भाग नहीं रहे हैं और पूरी दुनिया में स्वतंत्र रूप से यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं बिल्कुल भी नहीं भाग रहा हूं। मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता, तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते।"
ललित मोदी ने आगे कहा कि भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है और उससे बच पाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, "आप भारत सरकार से पंगा नहीं ले सकते। और मेरा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है।" आईपीएल के संस्थापक माने जाने वाले ललित मोदी लंबे समय से विदेश में रह रहे हैं। उनके भारत छोड़ने और विभिन्न वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों को लेकर समय-समय पर राजनीतिक और कानूनी बहस होती रही है। हालांकि, अपने ताजा इंटरव्यू में उन्होंने एक बार फिर खुद को निर्दोष बताते हुए भगोड़ा कहे जाने को गलत ठहराया।
ललित मोदी के इस बयान के बाद एक बार फिर उनके भारत लौटने और उनसे जुड़े मामलों पर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, उनके समर्थक और आलोचक दोनों ही इस बयान को अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं।फिलहाल, ललित मोदी का यह इंटरव्यू राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।

